




– शिवाजी नगर में किराए पर रह रही महिला के सीने में गोली मारी
ऋषिकेश, उत्तराखंड:
एम्स ऋषिकेश की संविदा महिला कर्मी की शनिवार की रात शिवाजी नगर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला यहां किराए के मकान में अकेली रहती है। आबादी के बीच इस वारदात से समूचे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है, अभी तक हत्यारे की पहचान नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार एम्स ऋषिकेश के सर्जरी विभाग में अटेंडेंट का काम करने वाली 32 वर्षीय प्रीति रावत आउटसोर्स कर्मचारी थी। वह शिवाजी नगर के गली नंबर 16 में किराए के कमरे में रह रही थी। शनिवार की रात करीब 9 और 9:30 बजे के मध्य अज्ञात हमलावर प्रीति के घर के बाहर पहुंचा। दरवाजे की जाली से उस पर गोली चला दी गई। एक गोली महिला के सीने में लगी। हमलावर मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक देहात जया बलूनी, कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट मौके पर पहुंची। देहरादून से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस के अनुसार प्रीति का 8 साल का बेटा मोहन चट्टी में अपने नाना के पास रहता है। पुलिस अज्ञात हमलावर की पहचान करने के साथ उसकी तलाश में लगी है।
