


– छह पर्यटकों के चालान, दो वाहन सीज
ऋषिकेश, उत्तराखंड;
वर्तमान में चार धाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए ऋषिकेश से लेकर तपोवन तक पूरा इलाका यात्रियों और पर्यटकों से गुलजार है। इस भीड़ के बीच कुछ लोग तीर्थ नगरी की पावनता के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। जनपद टिहरी गढ़वाल के अंतर्गत आने वाले मुनिकीरेती, तपोवन, शिवपुरी आदि क्षेत्र में कुछ बिगड़े पर्यटक यहां के वातावरण को प्रभावित कर रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की ओर से ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, वह स्वयं भी हालात की मॉनिटरिंग कर रही है।
थाना मुनिकीरेती के शिवपुरी क्षेत्र में एक पर्यटक ने पुलिस को सूचित किया कि कुछ लोग थार गाड़ी के ऊपर बैठकर शराब का सेवन कर रहे हैं। कोतवाल प्रदीप चौहान टीम लेकर मौके पर पहुंचे तो शिकायत सही पाई गई। गाड़ी के ऊपर कुछ लोग मधुशाला सजा कर बैठे हुए थे। पुलिस की टीम ने गंगा तट पर धार्मिक वातावरण और शांति को प्रभावित करने वाले छह पर्यटकों को हिरासत में ले लिया मौके पर एक थार और ब्रेजा वहां को सीज कर दिया गया। हिरासत में लिए गए पर्यटकों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि मां गंगा के पावन तट की मर्यादा को भंग करने और सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह का अनैतिक व्यवहार करने की किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी। इसके लिए ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत संबंधित सभी थाना प्रभारी को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
