


– मुख्य वन संरक्षक प्रसना कुमार पात्रो का दो दिवसीय नरेंद्रनगर वन प्रभाग भ्रमण
ऋषिकेश, उत्तराखंड
मुख्य वन संरक्षक प्रसना कुमार पात्रो (नोडल फायर, टिहरी गढ़वाल) द्वारा दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत वन विभाग की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं संरक्षण कार्यों का निरीक्षण किया गया। भ्रमण के प्रथम दिवस उन्होंने नरेंद्रनगर वन प्रभाग के कुशरैला क्रू स्टेशन एवं बेमुंडा क्रू स्टेशन का निरीक्षण कर वन अग्नि नियंत्रण व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
कुशरैला क्रू स्टेशन के निरीक्षण के दौरान मुख्य वन संरक्षक द्वारा वन अग्नि नियंत्रण हेतु उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, वायरलैस संचार प्रणाली, वाहनों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों का अवलोकन किया गया। उन्होंने वन कर्मियों को निर्देशित किया कि वनाग्नि की घटनाओं पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा सभी उपकरणों को सदैव क्रियाशील अवस्था में रखा जाए। उन्होंने कहा कि वन अग्नि की घटनाएं वन संपदा एवं जैव विविधता के लिए गंभीर चुनौती हैं, अतः सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करना आवश्यक है।
इसके उपरांत उन्होंने बेमुंडा क्रू स्टेशन का निरीक्षण किया, जहां वन अग्नि नियंत्रण हेतु तैयारियों, ड्यूटी व्यवस्था एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों से संवाद कर वन अग्नि नियंत्रण के दौरान आने वाली चुनौतियों की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य वन संरक्षक ने वन कर्मियों द्वारा विषम परिस्थितियों में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वन संरक्षण एवं वन अग्नि नियंत्रण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
द्वितीय दिवस के भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य वन संरक्षक द्वारा लीसा डिपो का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लीसा संग्रहण, भंडारण एवं अभिलेखों का परीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय परिसंपत्तियों एवं संसाधनों का संरक्षण सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुरूप संचालित किए जाने चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वन संरक्षण, वन अग्नि नियंत्रण एवं विभागीय कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु पर्याप्त तैयारियाँ बनाए रखी जाएं।
इस अवसर पर संबंधित वन संरक्षक, भागीरथी वृत्त धर्म सिंह मीणा, प्रभागीय वनाधिकारी दिगांथ नायक, उप प्रभागीय वनाधिकारी नरेन्द्रनगर किशोर नौटियाल, वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी, वन दरोगा, वन आरक्षी एवं अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
