


– बदमाशों की तलाश में पुलिस कर रही है जंगल में कांबिंग
– घायल 2 ग्रामीणों को एम्स में भर्ती कराया
ऋषिकेश,उत्तराखंड:
सड़क किनारे शराब पीने से टोकने पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने ग्रामीणों पर तमंचे से फायर झोंक दिया। एक युवक के हाथ और दूसरे की जांघ पर गोली लगी है। दोनों को एम्स में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। उसके दो साथी फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस टीमें कांबिंग कर रहीं हैं। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।

गुरुवार शाम करीब साढ़े तीन बजे भट्टोवाला प्लांटेशन के पास से कुछ स्थानीय लोग जा रहे थे। इस दौरान एक बाइक सड़क किनारे खड़ी थी और उसके पास में बैठकर तीन लोग शराब पी रहे थे। स्थानीय लोगों ने खुलेआम सड़क किनारे बैठकर शराब पीने पर एतराज जताया। इस दौरान उनकी शराब पी रहे युवकों से बहस हो गई। जिसके बाद शराब पीने वाले वहां से चले गए। उसके कुछ देर बाद तीनों तमंचे लेकर मौके पर पहुंचे और विरोध करने वालों को तलाश करने लगे। विरोध करने वाले लोग भी वहां से फिर से जा रहे थे। शराब के नशे में धुत्त युवकों ने उन्हें घेर लिया। उन्हें उग्र होता देख विरोध करने वाले लोगों ने गांव वालों को सूचना दी। इस दौरान गांव के कुछ और युवक मौके पर पहुंचे। तमंचा लेकर पहुंचने वालों ने सीधे फायर झोंक दिया। इसमें स्थानीय निवासी मनीष व्यास के हाथ में गोली लगी। उनके हाथ से खून बहने लगा। दूसरी गोली जसपाल रावत की जांघ को छूते हुए निकली, उनका पैर भी जख्मी हो गया। मौके पर स्थानीय लोग एकत्र हो गए। उन्होंने एक युवक को पकड़ लिया। जबकि, बाकी दो फरार हो गए। फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। हमलावरों की तलाश में जंगल में कांबिंग की। लेकिन उनका पता नहीं चल पाया। ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि जिस युवक को पकड़ गया वह बहुत अधिक जानकारी नहीं दे पा रहा है। बाइक बिहार नंबर की है। मामले में तहरीर मिल गई है, जिसमें मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भागे हुए बदमाशों की तलाश में आसपास क्षेत्र में पुलिस टीम कांबिंग कर रही है।
उधर पूर्व मेयर अनिता ममगाई ने एम्स जाकर उनका हाल चाल जाना एवं डॉक्टरों से वार्ता कर उनके स्वास्थ की जानकारी ली। परिजनों से भी मुलाकात कर उनको हर संभव मदद की भरोसा दिलाया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी वार्ता कर भागे हुए अपराधी को जल्द ढूंढने को कहा गया।।
