


ऋषिकेश,उत्तराखंड:
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नरेन्द्रनगर वन प्रभाग द्वारा स्वच्छता अभियान एवं सांकेतिक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वन क्षेत्र में भारी मात्रा में कूड़ा एकत्र कर निस्तारण के लिए नगर पालिका को सौंपा गया।
नरेन्द्रनगर वन प्रभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में यथा गंगा तट, पर्यटन स्थलों, वन मार्गों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्लास्टिक कचरा, पॉलीथीन, बोतलें तथा अन्य अपशिष्ट सामग्री का संग्रहण कर उनका सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित किया गया। मुनिकीरेती क्षेत्र के अन्तर्गत आरक्षित वन से भारी मात्रा में कूड़ा एकत्र कर नगर पालिका, मुनिकीरेती के कूड़ा निस्तारण केन्द्र में भेजा गया।
स्वच्छता अभियान के उपरांत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत स्थानीय जलवायु एवं पारिस्थितिकी के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी दिगांथ नायक ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारे दायित्वों को स्मरण करने का अवसर है। वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता के क्षरण, वनाग्नि, प्रदूषण तथा प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव जैसी चुनौतियाँ वैश्विक चिंता का विषय हैं।
इस अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी अनिल पैन्यूली, उप प्रभागीय वनाधिकारी, नरेन्द्रनगर किशोर नौटियाल, वन क्षेत्राधिकारी शिवपुरी विवेक जोशी आदि मौजूद रहे।
