


ऋषिकेश:उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि पेपर लीक, भर्ती घोटालों और परीक्षाओं के निरस्तीकरण ने युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेल दिया है। सरकार इसका जवाब दे।
व्यापार सभा में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल और पूर्व जिलाध्यक्ष जयेंद्र रमोला ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी के कारण युवा मानसिक तनाव और निराशा का सामना कर रहे हैं। नकल माफिया के चलते योग्य युवाओं का परीक्षा प्रणाली से विश्वास उठ चुका है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि एक तरफ भाजपा सरकार सख्त नकल विरोधी कानून की बात करती है, तो दूसरी तरफ लगातार प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं। वर्ष 2017 से अब तक की लगभग हर बड़ी परीक्षा पर सवाल खड़े हुए हैं।
जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने देहरादून की होनहार छात्रा रिया कुमारी थापा की दुखद आत्महत्या का जिक्र किया। महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह और ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने बताया कि रिया ने नीट परीक्षा दी थी, लेकिन परीक्षा से जुड़ी अनिश्चितताओं और तनाव के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठा रहे हैं।
प्रेस वार्ता में गोकुल रमोला, ललित मोहन मिश्र, राकेश अग्रवाल, अरविन्द जैन, पार्षद देवेन्द्र प्रजापति, पार्षद भगवान सिंह, रवि कुमार जैन, मधु जोशी, एनएसयूआई अध्यक्ष हिमांशु जाटव और युवा कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु कश्यप उपस्थित रहे।
