


✍️ चढ़ावा मामले में आठ आरोपी गिरफ्तार
यूपी: राम मंदिर में चढ़ावा राशि में कथित गड़बड़ी के मामले के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। गुरुवार से ही उनके इस्तीफे की चर्चाएं चल रही थीं। ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसी बीच, चढ़ावा राशि से जुड़े मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
चढ़ावा मामले में आठ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने चढ़ावा राशि में कथित अनियमितता के मामले में नामजद आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जा रहा है, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, मामले में दर्ज एफआईआर के बाद जांच तेज कर दी गई है। जांच में एसआईटी (विशेष जांच दल) की प्राथमिक रिपोर्ट को भी शामिल किया जाएगा, ताकि सभी तथ्यों की व्यापक जांच की जा सके।
इस मामले का खुलासा होने के 19 दिन बाद और एसआईटी की सिफारिश के दो दिन बाद एफआईआर दर्ज की गई। एफआईआर में चंपत राय के ड्राइवर रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, ट्रस्ट पदाधिकारी अनिल मिश्रा के रिश्तेदार अनुकल्प मिश्रा और लवकुश मिश्रा के अलावा गणना कर्मी मनीष यादव, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्र, गणना प्रभारी सुभाष श्रीवास्तव तथा कुछ अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है।
