


आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप में मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
ऋषिकेश,उत्तराखंड:
आगामी श्रावण मास कांवड़ मेला के दृष्टिगत कमिश्नर गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप द्वारा श्री नीलकंठ महादेव का भ्रमण कर किया स्थलीय निरीक्षण किया।
आगामी श्रावण मास कांवड़ मेला की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धालुओं हेतु अधिक सुविधाजनक बनाए जाने के उद्देश्य से आज कमिश्नर गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप द्वारा लक्ष्मणझूला से श्री नीलकंठ महादेव तक का विस्तृत स्थलीय भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। इस दौरान उनके द्वारा मेले से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस भ्रमण के दौरान कमिश्नर द्वारा श्री नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना एवं दर्शन किए गए। तत्पश्चात उनके द्वारा कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित संख्या एवं बढ़ते आवागमन को दृष्टिगत रखते हुए यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, आपदा प्रबंधन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि सावन कांवड़ मेला आस्था एवं श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं कांवड़ यात्री सम्मिलित होते हैं। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा बेहतर सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना होना चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय एवं बेहतर तालमेल के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयावधि के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ बनाए रखने, पर्याप्त संख्या में चिकित्सा दलों की तैनाती तथा आवश्यक उपकरण एवं दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने पर भी विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, निरीक्षक लक्ष्मणझूला सूर्यभूषण नेगी, लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता साहब सिंह सैनी, व्यापार मंडल अध्यक्ष सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
