




– पुलिस अधिकारियों ने कोतवाली में विभिन्न प्रतिनिधियों से सुनी समस्याएं
ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश और श्यामपुर क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार, यातायात की बदहाली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों व विभिन्न संगठनों ने पुलिस को शिकायत की।
सोमवार शाम ऋषिकेश कोतवाली परिसर में आयोजित बैठक के दौरान अधिकांश लोगों ने शराब और सूखे नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पुरजोर मांग उठाई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकारी तुषार बोहरा और कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने की। इस दौरान विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने जनप्रतिनिधियों ने साफ शब्दों में कहा कि क्षेत्र में शराब और सूखे नशे का धंधा धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। शिकायत करने पर पुलिस मौके पर तो पहुंचती है, लेकिन इस अवैध कारोबार पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध न लगना अपने आप में एक बड़ा सवालिया निशान है। इसके अलावा, वक्ताओं ने शहर की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए बाहरी राज्यों व क्षेत्रों से आने वाले लोगों का 100% सत्यापन कराने की मांग की। पिछले कुछ समय से शहर में बढ़ रही चोरियों की वारदातों पर भी गहरी चिंता व्यक्त की गई। सामाजिक कार्यकर्ता विनोद चौहान ने श्यामपुर नया पंचायत क्षेत्र में आने वाली विभिन्न ग्राम पंचायत में ग्रामीण सुरक्षा समिति गठन की बात कही।
बैठक में ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण का मुद्दा भी छाया रहा। लोगों ने पुलिस से इन समस्याओं से निजात दिलाने के लिए एक ठोस और स्थाई प्लान तैयार करने को कहा। साथ ही, सड़कों पर अवैध रूप से दौड़ रहे डग्गामार वाहनों को रोकने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने की मांग दोहराई। प्रतिनिधियों ने इस बात पर भी जोर दिया कि कोतवाली और आसपास की पुलिस चौकियों में फोर्स की भारी कमी है, जिसे तुरंत पूरा किया जाए। विभिन्न संगठनों से मिले सुझावों को पुलिस ने गंभीरता से नोट किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी तुषार बोहरा और कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने आश्वासन दिया कि दोनों ही पुलिस अधिकारी इस क्षेत्र में नए हैं। पुलिस जनता के सहयोग से काम करना चाहती है और जितने भी बेहतर सुझाव सामने आए हैं, उन पर जल्द ही धरातल पर अमल किया जाएगा।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, महामंत्री प्रतीक कालिया, संदीप गुप्ता, पवन शर्मा, रवि जैन, वीरेंद्र भारद्वाज, सचवीर सिंह भंडारी, सुरेंद्र सिंह नेगी, एडवोकेट अभिनव सिंह सत्य प्रकाश कापरवान, रीना शर्मा, दिनेश चंद्र सती, राजेश भट्ट, एकांत गोयल, मुस्कान चौधरी, लव कंबोज, छात्र संघ अध्यक्ष मयंक भट्ट, वरिष्ठ उप निरीक्षक भारत सिंह रावत, आईडीपीएल चौकी प्रभारी विवेक राठी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
