




– ऋषिकेश के बापू ग्राम और ऐसी भूमि को लेकर बन रही इंटीग्रेटेड योजना
ऋषिकेश,उत्तराखंड:
ऋषिकेश के बापू ग्राम, शिवाजी नगर और इसके आसपास बड़ी आबादी पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है। लंबे समय से लोग धरना दे रहे हैं। इस मुद्दे पर आने वाले विधानसभा चुनाव में सरकार और भाजपा को नुकसान होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पीड़ित लोगों को सरकार से उम्मीद है कि देर सबेर सरकार लोगों को राहत देने का काम करेगी। प्रदेश सरकार के 5 वर्ष पूर्ण होने पर ऋषिकेश के आईडीपीएल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की बापू ग्राम ही नहीं बल्कि हल्द्वानी के बिंदुखाता और रामनगर के आसपास इस तरह की भूमि पर बसे हजारों लोगों के लिए प्रदेश सरकार इंटीग्रेटेड योजना पर काम कर रही है, शीघ्र ही इस पर भी निर्णय हो जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि ऋषिकेश के बापू ग्राम, शिवाजी नगर समेत आसपास वन भूमि पर बसे तमाम लोगों की परेशानी को हम समझ रहे हैं। स्थानीय संगठन और पार्टी के पदाधिकारी समय-समय पर इस समस्या को लेकर शासन के पास आते रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने इस मामले में उनसे विस्तार से चर्चा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश ही नहीं बल्कि बिंदु खाता और रामनगर के आसपास इस तरह की भूमि पर बसे लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा। सरकार इसके लिए इंटीग्रेटेड प्लेन यानी समेकित योजना तैयार कर रही है।
