




– कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा राम मंदिर ट्रस्ट के सभी ट्रस्टियों पर दर्ज हो मुकदमा
ऋषिकेश, उत्तराखंड:
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर मामले में समूचे ट्रस्ट को भंग करते हुए सभी ट्रस्टियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने पार्टी की लाइन स्पष्ट करते हुए कहा कि संत समाज को ही ट्रस्ट का संचालन करना चाहिए। बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी के आरोपों पर उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि उत्तराखंड विधानसभा में इस मामले पर जेपीसी का गठन होना चाहिए।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता
आलोक शर्मा सोमवार को ऋषिकेश के कांग्रेस भवन में प्रेस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले को लेकर जो आठ लोग पकड़े गए हैं उनकी अगर रिमांड ले ली गई होती तो बड़े नाम सामने आ जाते। इस मामले में सरकार बड़े लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का ताना-बाना पहले से ही बुन लिया गया था। यही कारण है कि ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने चुन- चुन कर अपने लोगों को यहां नौकरी पर रखा है।
कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि श्री केदारनाथ धाम में पहले सोना गायब हो गया, अब बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आया है। भाजपा सरकार स्वयं को सनातनी होने का दावा करती है और गौ-माता को काटने की अनुमति देती है। एक भी कथा वाचक ने अब तक चढ़ावा चोरी मामले में बयान तक नहीं दिया। मोदी नामा और धामी नामा पढ़ने से सनातन की रक्षा नहीं हो सकती।
इस मौके पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल महानगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, जयेद्र रमोला, पूर्व महानगर अध्यक्ष एडवोकेट राकेश सिंह, चंदन सिंह पंवार, मदन मोहन शर्मा, रवि कुमार जैन, अरविंद जैन, पुष्पा मिश्रा, प्रदीप जैन और अभिषेक शर्मा आदि मौजूद रहे।
