




देहरादून :
ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने ऋषिकेश के बापूग्राम वन भूमि प्रकरण के समाधान हेतु राज्य सरकार द्वारा कमेटी गठित कर प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को प्रेषित करने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से इस महत्वपूर्ण प्रकरण के स्थाई समाधान हेतु सकारात्मक पहल जारी रखने का आग्रह किया, ताकि बड़ी संख्या मे रह रही क्षेत्रीय जनता को दीर्घकालिक राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यह निर्णय क्षेत्रवासियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे काफ़ी समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में आशा जगी है।
भेंट के दौरान डॉ. अग्रवाल ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की तथा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. अग्रवाल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार जनहित के सभी विषयों पर गंभीरता से कार्य कर रही है और ऋषिकेश क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
