




✍️उत्तराखण्ड को-ऑपरेटिव बैंक ऋषिकेश की 26 वीं वार्षिक निकाय बैठक
ऋषिकेश: उत्तराखण्ड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड ऋषिकेश की 26वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में बैंक अध्यक्ष चिंतामणि सेमवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कार्यक्रम में गढ़वाल मंडल सहकारी समितियों के उप निबंधक सुरेंद्रपाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक का शुभारंभ करते हुए अध्यक्ष चिंतामणि सेमवाल ने बैंक की प्रगति में योगदान देने वाले सभी सहकार बंधुओं का आभार जताया।
अध्यक्ष ने प्रतिनिधियों से बैंक की गतिविधियों का प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों और बेरोजगारों को बैंक से ऋण दिलाकर आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
संचालक मंडल की स्वीकृति के बाद अध्यक्ष ने अंशधारकों के लिए 9% लाभांश की घोषणा का प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा। इस प्रस्ताव को सब समझती से मंजूरी प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि 10 वर्षों से निष्क्रिय पड़े खातों की जमा धनराशि आरबीआई के ‘डीईए (DEA) फंड’ में चली जाती है। सभी अंशधारक नजदीकी शाखा में जाकर अपने निष्क्रिय खातों को पुनः नियमित करवाएं।
बैंक सचिव एसएस राणा ने वित्तीय रिपोर्ट और उपलब्धियां प्रस्तुत करते हुए बताया अगस्त 2025 में देहरादून के नथुआवाला में बैंक की नई शाखा खोली गई है। साथ ही, बैंक बायलॉज में संशोधन कर अधिकृत पूंजी को पांच करोड़ से बढ़ाकर 50 करोड़ करने की शासन से अनुमति प्राप्त कर ली गई है। वर्तमान में बैंक का CRAR 17.03%, NPA 1.85% और नेट NPA शून्य (0%) है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1265.00 लाख का बजट ध्वनिमत से पारित किया गया। साथ ही एकल ऋण सीमा को एक करोड़ से बढ़ाकर 1.20 करोड़ कर दिया गया है।
बैंक अध्यक्ष चिंतामणि सेमवाल का सम्मान:
विगत 19 वर्षों से अनवरत बैंक का सफल नेतृत्व करने वाले अध्यक्ष सीएम सेमवाल को सदन द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया और उनके कार्यकाल की सराहना की गई। बैंकिंग अधिनियम 2020 के नए संशोधनों के तहत दो लगातार कार्यकाल पूर्ण कर चुके संचालक अब बोर्ड से बाहर हो जाएंगे।
बैठक के समापन पर सचिव ने कर्मचारियों को और अधिक मेहनत व लगन से कार्य करने का आह्वान करते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बैंक संचालक बी.पी.एस. राणा, महेश चिटकारिया, बी.के. सक्सेना, एस.पी. खंकरियाल, जगदीश थपलियाल, मुकेश शर्मा, श्रीमती मधुमती बिंजोला, पुष्पा पुंडीर, बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के सदस्य, बैंक प्रतिनिधि एवं अधिकारी आशीष संगर, विशाल भट्ट, अर्जुन नेगी, रूपिका राणा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
