




✍️ स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल की 23 वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन
डोईवाला (देहरादून)।
समाजसेवी स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल की 23 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर डोईवाला स्थित स्वर्गीय हरज्ञान चन्द अग्रवाल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में एक श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत विचार गोष्ठी, पौधारोपण अभियान और विशिष्ट जन सम्मान समारोह आयोजित किए गए, जिसमें धार्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने अपने संबोधन में शिक्षा, भारतीय संस्कृति, और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल दिया। स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से संस्कारों का निर्माण और संस्कारों से राष्ट्र निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं को भारतीय दृष्टि और सनातन संस्कृति के मूल्यों को समझने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
समारोह में उपस्थित महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल के सामाजिक व शैक्षणिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
वहीं ऋषिकेश विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल जी के विचार और आदर्श समाज को निरंतर प्रेरणा देते रहेंगे।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों और विद्यार्थियों ने परिसर में पौधे लगाए और प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।
समाज सेवा, शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल के जीवन-वृत्त, दूरदृष्टि और समाज निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय सह प्रचार प्रमुख तपन जी, ऋषिकेश के मेयर शंभु पासवान, कथा व्यास अरविंद जी, विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश गुप्ता समेत अनेक सामाजिक व शैक्षणिक क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
