




– मुखर्जी मार्ग पर भाजपा के चुनाव कार्यालय का हुआ उद्घाटन
ऋषिकेश (हरीश तिवारी):
भारतीय जनता पार्टी के मेयर सहित पार्षद प्रत्याशियों के मुख्य चुनाव कार्यालय का शुक्रवार को विधिवत उद्घाटन हो गया। भाजपा के प्रत्याशी शंभू पासवान इस कार्यक्रम में अलग ही अंदाज में नजर आए। वह पहली मर्तबा सार्वजनिक रूप से पहाड़ी टोपी पहने हुए थे। समझा जा सकता है कि इसके पीछे उनकी कोशिश क्या रही होगी।
नगर निगम ऋषिकेश के मेयर पद पर भाजपा उम्मीदवार शम्भू पासवान तथा 40 वार्डों के भाजपा उम्मीदवारों के चुनावी कार्यालय का पूजा अर्चना के बाद विधिवत शुभारंभ किया गया। मुखर्जी मार्ग पर खोले गए चुनावी कार्यालय का शुभारंभ संगठन महामंत्री अजेय तथा कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर महामंत्री संगठन अजेय ने कहा कि भाजपा प्रदेश के निकाय चुनावों में पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ेगी। कहा कि भाजपा ने सभी पद के लिए उम्मीदवारों का चयन आम कार्यकर्ताओं के बीच जाकर किया है। इस अवसर पर मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को हर घर कैंपेन कर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को प्रचारित करने का आवाहन किया। साथ ही भाजपा के पक्ष में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा मेयर पद के उम्मीदवार शम्भू पासवान तथा सभी 40 वार्डों के भाजपा उम्मीदवारों के लिए बड़े अंतर से जीत दर्ज कराने के लिये आवाहन किया गया। इस मौके पर महामंत्री संगठन अजेय कुमार, चुनाव प्रभारी दान सिंह रावत, जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा, कविता शाह, चुनाव संयोजक संजय शास्त्री, मण्डल अध्यक्ष सुमित पंवार, सुरेंद्र कुमार, निवर्तमान मेयर अनिता ममगाई, चुनाव सह संयोजक इंद्र कुमार गोदवानी, पुनीता भंडारी, संदीप गुप्ता, ज्योति सजवाण, सुरेंद्र मोंगा, विनय उनियाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बृजेश शर्मा, जिला महामंत्री दीपक धमीजा सहित सभी 40 वार्डों के भाजपा प्रत्याशी आदि उपस्थित थे।

