



– परमार्थ निकेतन पहुंचने पर यमुना जी की स्वच्छता, अविरलता और सिंगल यूज प्लास्टिक से नदियों को मुक्त करने पर हुई चर्चा
ब्यूरो,ऋषिकेश
दिल्ली में भाजपा सरकार के 100 दिन पूर्ण होने पर वहां की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंची। मुख्यमंत्री समेत उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने गंगा आरती में सहभाग किया। स्वामी चिदानन्द सरस्वती और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना पुनरुद्धार की दिशा में महाअभियान का आह्वान किया।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि यमुना जी एक जीवनधारा है परन्तु अब वह संघर्षधारा में बदल रही है। यमुना जी तो श्रीकृष्ण जी की बाल लीलाओं की साक्षी रही है, आज प्रदूषण और प्लास्टिक के कारण संकट में है। दिल्ली, मथुरा, आगरा जैसे बड़े शहरों की अनियोजित जल निकासी, औद्योगिक कचरा और सिंगल यूज प्लास्टिक ने इसे गंभीर रूप से प्रदूषित कर दिया है। कहा कि यमुना जी केवल एक नदी नहीं, वह संस्कृति की वाहक, आध्यात्मिक ऊर्जा की दायिनी और भावनाओं की धारा है। उसकी रक्षा केवल पर्यावरणीय जिम्मेदारी नहीं, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक पुनरुत्थान का आधार भी है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में यमुना की स्थिति गंभीर है, और दिल्ली सरकार इसे लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। परमार्थ निकेतन जैसी संस्थाओं के साथ मिलकर जनचेतना को जनांदोलन में बदलना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक हम यमुना को मां नहीं मानेंगे, तब तक हम उसकी रक्षा नहीं कर पाएँगे। श्रद्धा और सेवा का संगम ही समाधान है।

डा.धनसिंह रावत ने कहा कि मां गंगा और मां यमुना हमारी सभ्यता की आत्मा हैं। उत्तराखंड में हमने नदियों को साफ रखने हेतु अनेक योजनाएं शुरू की हैं, ताकि दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक यमुना जी स्वच्छ व निर्मल होकर पहुंचेे। स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और डा. धन सिंह रावत को रूद्राक्ष का पौधा भेंट किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और ऋषिकेश की पूर्व में अनीता ममगाईं ने भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात कर उनका स्वागत किया।


