



– मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर की गई गंगा आरती
ऋषिकेश:
गंगा सप्तमी यानी गंगा दिवस के अवसर पर देश के विभिन्न प्रांतों से आए श्रद्धालुओं ने ऋषिकेश, स्वर्गाश्रम,लक्ष्मण झूला के घाटों पर गंगा में श्रद्धा की डुबकी लगाकर मां गंगा की पूजा अर्चना कर मां गंगा का जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया। इस दौरान त्रिवेणी घाट पर श्री गंगा सभा ने भव्य गंगा आरती के साथ हवन-पूजन किया।

रविवार को ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर मां गंगा के जन्मोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। गंगा आरती के उपरांत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में दीप प्रज्वलित किए। गंगा के जन्मोत्सव को भी धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान नगर में विभिन्न संस्थाओं ने मीठे शीतल जल की छबील लगाकर लोग में मीठा शीतल जल वितरित किया।
शीशम झाड़ी स्थित ईश्वर आश्रम में इस मौके पर दो दिवसीय अखिल ब्रह्मांड नायक श्री सीताराम जी वेद माता गायत्री जी पंचमुखी हनुमान लला का 21वां प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं श्री रामार्चन पूजा महोत्सव धूमधाम से बनाया गया। महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वर दास महाराज के मार्गदर्शन में गंगा तट पर भजन कीर्तन के पश्चात दीपदान किया गया। इस दौरान मां गंगा का पूजन और दुग्धाभिषेक किया गया।
श्री ईश्वर आश्रम के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वर दास महाराज ने कहा कि पौराणिक शास्त्रों के अनुसार वैशाख मास शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को मां गंगा स्वर्ग लोक से शिवशंकर की जटाओं में पहुंची थी। इसलिए इस दिन को गंगा सप्तमी के रूप में मनाया जाता है। जिस दिन गंगा जी की उत्पत्ति हुई वह दिन गंगा जयंती (वैशाख शुक्ल सप्तमी) और जिस दिन गंगाजी पृथ्वी पर अवतरित हुई वह दिन गंगा दशहरा’ (ज्येष्ठ शुक्ल दशमी) के नाम से जाना जाता है। इस दिन मां गंगा का पूजन किया जाता है।
गंगा सप्तमी के अवसर पर्व पर मां गंगा में डुबकी लगाने से मनुष्य के सभी पाप धुल जाते हैं और मनुष्य को मोक्ष की प्राप्ति होती है। वैसे तो गंगा स्नान का अपना अलग ही महत्व है, लेकिन इस दिन स्नान करने से मनुष्य सभी दुखों से मुक्ति पा जाता है। इस पर्व के लिए गंगा मंदिरों सहित अन्य मंदिरों पर भी विशेष पूजा-अर्चना की जाती है।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल,द्वाराचार्य जगतगुरु दयाराम दास महाराज योगानंदाचार्य, महंत जगदीश प्रपन्नाचार्य महाराज, महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज सहित तीर्थ नगरी क्षेत्र के सभी प्रमुख संत शामिल हुए।

मां गंगा दशहरा के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने गंगा का दुग्धाभिषेक कर विशेष गंगा आरती (सवा लाख बत्तियों) की। इस मौके पर उन्होंने मां गंगा को साफ और उसकी पवित्रता को बनाये रखने का आवाहन भी किया। इस मौके पर उन्होंने माँ गंगा को साफ और उसकी पवित्रता को बनाये रखने का आवाहन भी किया।


