




– श्री गणपति सेवा मंडल की ओर से आयोजित किया गया भव्य कार्यक्रम
ऋषिकेश, हरीश तिवारी:
तीर्थ नगरी ऋषिकेश में श्री गणपति महोत्सव का बुधवार को शानदार आगाज हुआ। सार्वजनिक पंडालों सहित गणपति विधिवत्त पूजा अर्चना के पश्चात घर-घर बिराजे। श्री गणपति सेवा मंडल ऋषिकेश की ओर से इस वर्ष भी आदर्श नगर में भव्य सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रातःकाल विधिवत पूजन के पश्चात भगवान गणपति की मूर्ति का अनावरण किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच गणपति पंडाल में विराजे।
समारोह के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत कहा कि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता के रूप में भी जाना जाता है, जिसका अर्थ है बाधाओं को दूर करने वाला। भक्त उनकी पूजा इसलिए करते हैं ताकि वे अपने जीवन की बाधाओं को दूर कर सकें और सफलता प्राप्त कर सकें। नगर निगम की पूर्व महापौर अनीता ममगाईं ने कहा कि गणेश जी को ज्ञान, बुद्धि और समृद्धि का देवता माना जाता है। उनकी पूजा करने से भक्तों को ज्ञान, बुद्धि, और धन-धान्य की प्राप्ति होती है।
स्वामी लोकेश दास महाराज ने गणपति महोत्सव के सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व बताते हुए कहां कि गणेश महोत्सव भारत की सनातन संस्कृति का एक अभिन्न अंग है। यह उत्सव न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि यह समुदाय और एकता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश का स्वरूप अद्वैत वेदांत का प्रतिरूप है। उनका एकदंत यह कहता है कि सत्य एक है, भले ही उसकी अभिव्यक्ति अनेक रूपों में हो। उनका स्वरूप यह भी समझाता है कि आध्यात्मिकता और व्यवहारिकता का संगम ही पूर्णता है।
इस मौके पर टीवी शो राइजिंग स्टार विनर भजन गायक रितिक गुप्ता ने अपनी टीम के साथ शानदार भजनों की प्रस्तुति दी। सेवा मंडल की ओर से इस मौके पर आलोक चावला, डॉ धर्मेश मनचंदा, योगेश कालड़ा, अतुल चावला, अजीत सिंह गोल्डी, पार्षद चेतन चौहान, प्रिंस मनचंदा, सिमरन कौर, प्रिंस सक्सेना, मधु जोशी, हेमंत डंग, गौरव चावला आदि मौजूद रहे।

