




– पार्षदों की चेतावनी, टेंडर निरस्त न हुई तो होगा आंदोलन
ब्यूरो, ऋषिकेश:
टेंडर प्रक्रिया में नगर निगम पर मनमानी और अनियमितताएं बरतने का आरोप लगाते हुए पार्षद भड़क गए हैं। पार्षदों ने नगर निगम दफ्तर के बाहर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। नगर आयुक्त के कार्यालय में विरोध भी किया। पार्षदों ने नगर आयुक्त से जारी किए गए सभी टेंडर को निरस्त करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
पार्षदों का कहना है कि बिना बोर्ड बैठक के निगम प्रशासन ने मनमाने तरीके से टेंडर जारी किए हैं। नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम की आड़ में नगर निगम प्रशासन दूसरे विभाग का काम कर बजट को ठिकाने लगा रहा है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्षदों ने नगर आयुक्त से क्षेत्र में बोर्ड बैठक में पास प्रस्तावों के तहत विकास कार्य करने की मांग को फिर से दोहराया है। पार्षद देवेंद्र प्रजापति,आशु डंग, सरोजिनी थपलियाल, रामकुमार संगर, राजेश दिवाकर, सोनू प्रजापति और अन्य पार्षदों ने निगम प्रशासन की मनमानी बंद नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत कुछ महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहे हैं। इसके लिए 3 करोड़ के टेंडर जारी किए गए हैं। पार्षदों ने अपने क्षेत्र में टेंडर की धनराशि से विकास कार्य करने की मांग की है। पार्षदों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। जो प्रस्ताव सामने आएंगे उसे पर नियम अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

