




– अतिक्रमणकारिर्यों के हौसले बुलंद, पुलिस और नगर निगम प्रशासन लाचार
ऋषिकेश, उत्तराखंड:
एम्स ऋषिकेश के बाहर हाई कोर्ट गेस्ट हाउस के ठीक सामने आरक्षित भूमि पर अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम और पुलिस की टीम को अतिक्रमणकारिर्यों के विरोध का सामना करना पड़ा। मौके पर पुलिस अधिकारियों पर संगीन आरोप लगाए गए। आप है कि यहां लगी रेहड़ियों हटाने की कोशिश की गई तो नगर निगम सुपरवाइजर और कुछ पुलिस कर्मियों के ऊपर खोलती दाल उड़ेल दी गई। इस पूरे मामले में पुलिस और नगर निगम की टीम लाचार नजर आई। सोशल मीडिया पर लोग इस लाचारी को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं।
नगर निगम प्रशासन की ओर से एम्स के बाहर 50 मीटर क्षेत्र को जीरो जोन और नो वेंडिंग जोन घोषित किया गया है। यहां पर सड़क के दाएं ओर हाई कोर्ट का गेस्ट हाउस है और उसके ठीक सामने सड़क पर इस भूमि को बांस लगाकर आरक्षित किया गया है। 50 मीटर की परिधि में आने वाले इस क्षेत्र और जीरो जोन से पुलिस और नगर निगम की टीम मंगलवार की सुबह 11:00 बजे अतिक्रमण हटाने पहुंची। जेसीबी से अत्तिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई। जैसे ही इन तीन-चार दुकानदारों का नंबर आया तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। रेहड़ी को हटाने की कोशिश की गई तो हंगामा बढ़ गया।
इन लोगों द्वारा रेहड़ी के ऊपर रखे दाल के पतीले उलट दिए गए। सरकारी ड्यूटी पर मौजूद नगर निगम के सुपरवाइजर महेंद्र के ऊपर यह गरम दाल गिर गई। एक उपनिरीक्षक और कुछ पुलिस कर्मियों पर भी यह गरम दाल गिरी।
नगर निगम के सुपरवाइजर के साथ हुए इस दुर्व्यवहार को लेकर नगर निगम प्रशासन की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सुपरवाइजर द्वारा अपने अधिकारियों को सूचित कर दिया गया था। पुलिस प्रशासन की ओर से जरूर कुछ महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

