


– एक्शन मोड पर कप्तान श्वेता चौबे, नशे के सौदागरों पर होगा एक्शन
ऋषिकेश, उत्तराखंड:
जनपद टिहरी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पद पर तैनाती के बाद कप्तान श्वेता चौबे के निर्देश पर मुनिकीरेती क्षेत्र की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एक वाहन से तस्करी कर लाई गई चंडीगढ़ मार्क 60 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
जनपद टिहरी गढ़वाल में पदभार ग्रहण करने के पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की ओर से सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाने और ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए थे। जिसके क्रम में थाना मुनिकीरेती के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। सोमवार की मध्य रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस ने ऋषिकेश की दिशा से पर्वतीय क्षेत्र में जा रही एक बोलोरो पिकअप वहां की जांच की गई। पुलिस की टीम ने इस गाड़ी से चंडीगढ़ मार्क की 60 पेटियां अंग्रेजी शराब की बरामद की। मौके से चालक सोनू पुत्र नरपाल निवासी ग्राम रसूलपुर, बनेड़ा, बिजनौर और दीपेंद्र पुत्र लोकेंद्र निवासी ग्राम मेमन, किरतपुर, जिला बिजनौर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ करने पर इन लोगों ने पुलिस को बताया कि यह शराब शिवालिक नगर हरिद्वार से किसी व्यक्ति के माध्यम से श्रीनगर पहुंचाई जानी थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने बताया कि नशे के सभी सौदागरों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत अभियान जारी रहेगा।
