




श्यामपुर से नकरौंदा तक चला विशेष प्रवर्तन अभियान, शराब तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ की गई कार्रवाई
अवैध शराब के परिवहन, बिक्री एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत ऋषिकेश एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी कार्रवाई की गई। आबकारी आयुक्त महोदया एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त, गढ़वाल मंडल के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में आबकारी टीम ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कुल साढ़े 12 पेटी अवैध शराब बरामद की।
आबकारी निरीक्षक श्रीमती प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने 10 सितंबर 2026 की सुबह श्यामपुर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK 14 F 9018 से अवैध शराब का परिवहन करते हुए सूरज वर्मा पुत्र मनोज वर्मा, निवासी श्यामपुर बाईपास, ऋषिकेश को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 60 पाउच माल्टा देशी शराब बरामद किए गए।
इसके बाद टीम द्वारा नकरौंदा, डोईवाला एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री एवं भंडारण के विरुद्ध छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान नकरौंदा टी-पॉइंट से विजय सिंह पुत्र नरसिंह, निवासी नकरौंदा के कब्जे से दो पेटी अवैध शराब बरामद की गई।
वहीं, नकरौंदा स्थित पंवार एन्क्लेव में एमपी रेस्टोरेंट की तलाशी के दौरान नौ पेटी अवैध शराब बरामद हुई। मौके पर शराब की अवैध बिक्री करते हुए रिंकू सरोज पुत्र नियुक्त सरोज, निवासी मऊ, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी केयर ऑफ मुकेश पंवार, पंवार एन्क्लेव, नकरौंदा को गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार, तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध अवैध शराब के परिवहन, बिक्री एवं भंडारण के संबंध में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में आबकारी टीम के उप आबकारी निरीक्षक पान सिंह राणा, आशीष प्रकाश एवं अर्जुन सिंह, आबकारी हेड कांस्टेबल दीपा डोबरियाल तथा आबकारी कांस्टेबल रीना, आशीष चौहान, रेशमा चौहान और सोनम पंवार उपस्थित रहे।
