


एसआरएचयू और एनपैरिस बायो के बीच एमओयू, छात्रों को मिलेगा रिसर्च और इंडस्ट्री एक्सपोजर
ऋषिकेश,उत्तराखंड:
स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू), जौलीग्रांट ने उद्योग और शिक्षा के बीच मजबूत सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एनपैरिस बायो प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह साझेदारी छात्रों को रिसर्च, नवाचार और इंडस्ट्री आधारित सीखने के बेहतर अवसर प्रदान करेगी।
एमओयू पर एसआरएचयू की ओर से कुलसचिव कमांडर चल्ला वेंकटेश्वर (सेवानिवृत्त) और एनपैरिस बायो प्राइवेट लिमिटेड की ओर से डॉ. सुधीर कुमार शर्मा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एसआरएचयू के कुलपति डॉ. राजेंद्र डोभाल ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा को उद्योग की जरूरतों से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे सहयोग छात्रों को वास्तविक कार्य अनुभव और नई सोच भी प्रदान करते हैं। कहा कि एमओयू विश्वविद्यालय और उद्योग जगत के बीच मजबूत संबंध स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को रोजगार और रिसर्च के क्षेत्र में नई संभावनाएं मिलेंगी।
डॉ. सुधीर कुमार शर्मा ने कहा कि एनपैरिस बायो प्राइवेट लिमिटेड स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई और प्रभावी चिकित्सीय तकनीकों पर कार्य करने वाली अग्रणी संस्था है। इस समझौते के तहत दोनों संस्थान संयुक्त शोध परियोजनाओं, विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों, इंटर्नशिप, स्किल डेवलपमेंट और ज्ञान आदान-प्रदान जैसी गतिविधियों पर मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि एसआरएचयू के साथ यह साझेदारी भविष्य में कई महत्वपूर्ण नवाचारों का मार्ग प्रशस्त करेगी। इस अवसर पर डॉ. बिंदु डे, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. संजीव कुमार वर्मा, डॉ. अमजद हुसैन, डॉ. विकास सिंह जाडौन, डॉ. अवृति बवेजा, डॉ. निक्कू यादव आदि उपस्थित रहे।
