


– नरेन्द्रनगर वन प्रभाग की वनाग्नि नियंत्रण एवं मानव वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल
ऋषिकेश, उत्तराखंड
मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) गढ़वाल धीरज पाण्डेय द्वारा नरेन्द्रनगर वन प्रभाग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वन विभाग की फॉरेस्ट फायर क्रू स्टेशन तथा क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया दल) की कार्यप्रणाली, संसाधनों एवं तत्परता का विस्तृत जायजा लिया गया।

सीसीएफ गढ़वाल ने ब्यासी एवं नीरगढ़ चैकपोस्ट फॉरेस्ट क्रू स्टेशन पर उपलब्ध उपकरणों, संचार व्यवस्था एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। माणिकनाथ वन राजि के क्यूआरटी टीम की कार्य कुशलता, प्रशिक्षण स्तर तथा वन अग्नि एवं अन्य आपदाओं से निपटने की क्षमता का भी मूल्यांकन किया गया। उन्होंने टीम को सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नरेन्द्रनगर वन प्रभाग की शिवपुरी रेंज में वृक्षारोपण क्षेत्र का निरीक्षण किया एवं वृक्षारोपण क्षेत्र की प्रगति देखकर समस्त टीम की सराहना की। सीसीएफ ने पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने पर बल दिया। उन्होंने स्थानीय जनता एवं विभागीय कर्मचारियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, नरेन्द्रनगर वन प्रभाग दिगांथ नायक, उप प्रभागीय वनाधिकारी, देवप्रयाग अनिल पैन्यूली, रेंज अधिकारी विवेक जोशी, मदन सिंह रावत, संजय बेलवाल, वन क्षेत्राधिकारी, दुलप सिंह भण्डारी वन दरोगा आदि उपस्थित रहे। सीसीएफ ने वन प्रभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।
