


– ऋषिकेश में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण बोले कानून व्यवस्था हुई ध्वस्त, सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस
ऋषिकेश, उत्तराखंड:
उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे नशे के कारोबार और अपराधों को लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने आरोप लगाया कि ऋषिकेश सहित पूरे प्रदेश में नशे का नेटवर्क बेहद तेजी से पैर पसार रहा है। इससे न केवल सामाजिक सुरक्षा खतरे में पड़ गई है, बल्कि राज्य की कानून व्यवस्था पर भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
दून मार्ग स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सजवाण ने कहा कि आज प्रदेश में ऐसा माहौल बन गया है कि आमजन भय के साए में जीने को मजबूर हैं। नशे की लत के कारण अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। सरकार का सिस्टम पर से नियंत्रण पूरी तरह खो चुका है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस और प्रशासन ने नशे व बढ़ते अपराधों पर जल्द ही कोई सख्त और प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस कार्यकर्ता स्थानीय जनता को साथ लेकर उग्र आंदोलन शुरू करने के लिए विवश होंगे।
जाम और महंगाई के मुद्दे पर भी घेरा, बाईपास निर्माण न होने पर उठाए सवाल
प्रेसवार्ता के दौरान सजवाण ने ऋषिकेश की विकराल जाम समस्या को भी सरकार की सबसे बड़ी विफलताओं में से एक बताया। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से सरकारें केवल बाईपास निर्माण की खोखली घोषणाएं कर रही हैं, लेकिन धरातल पर आज तक कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दी है। उन्होंने मांग की कि स्थानीय व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस यातायात समस्या का कोई स्थायी और व्यावहारिक समाधान निकाला जाए।
नशे और जाम के अलावा कांग्रेस नेता ने आसमान छूती महंगाई के मुद्दे पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल सहित सभी आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे मध्यम और गरीब वर्ग पर आर्थिक बोझ असहनीय हो गया है।
इस दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह मियां, जयेंद्र रमोला, राजपाल खरोला, देवेंद्र प्रजापति, वीरपाल, विनय सारस्वत और प्रदीप जैन सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
