


श्यामपुर फायरिंग मामले में जेल में बंद भाई की पैरवी के लिए आया था ऋषिकेश
ऋषिकेश। बिहार के सीतामढ़ी जिले में लूट और हत्या की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी मोहम्मद नसीम अख्तर को देहरादून की ऋषिकेश पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी को नटराज फ्लाईओवर के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 12 बोर का एक अवैध देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परर्मेंद्र डोबाल ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने भाई वसीम और अन्य साथियों के साथ बिहार में हत्या व लूट की घटना को अंजाम देकर भागा था। उसका भाई वसीम पहले ही ऋषिकेश के श्यामपुर में ग्रामीण पर फायरिंग मामले में जेल में बंद है। आरोपी नसीम अपने भाई की कोर्ट में पैरवी करने और पुलिस से बचने के लिए ऋषिकेश आया था। पुलिस की भनक लगते ही वह ट्रेन से भागने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही दबोच लिया गया। ऋषिकेश पुलिस ने आरोपी मोहम्मद नसीम अख्तर पुत्र महफूज आलम निवासी -वार्ड नं० 06, ग्राम टोला इस्लामपुर, पोस्ट मोहनी सकरोली, थाना नानपुर, जिला सीतामढ़ी (बिहार) के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
