


– ऋषिकेश में पीआईबी की मीडिया कार्यशाला ‘वार्ता’ आयोजित,
ऋषिकेश: पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून द्वारा मंगलवार को रेल विकास निगम सभागार में एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्ता’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य विषय “लोक सेवा ही संकल्प- 12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऋषिकेश के मेयर शम्भू पासवान ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर केंद्रित 5 पुस्तिकाओं का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऑलवेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, लखपति दीदी और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाएं समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सीधे पहुंच रही हैं।
कार्यशाला में रेल विकास निगम के डीजीएम ओमप्रकाश मालगुडी ने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट अब अंतिम चरण में है, जिसके तहत 5 जिलों से गुजरने वाली 16 सुरंगों का निर्माण किया जा रहा है। मुख्य भू-वैज्ञानिक विजय डंगवाल ने जानकारी दी कि हिमालय की विविधता को देखते हुए पर्यावरण अनुकूल एलाइनमेंट तैयार किया गया है। सुरंगों से निकलने वाले पानी को ‘अमृत सरोवर प्रोजेक्ट’ के रूप में विकसित कर जल संरक्षण किया जाएगा।
उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के एचओडी (बिजनेस) रोहित बडोला ने बताया कि पीएम स्वनिधि व मुद्रा योजना से स्ट्रीट वेंडर्स और आम लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने के साथ अर्बन क्षेत्रों में 7% और ग्रामीण क्षेत्रों में 35% सब्सिडी दी जा रही है। पीआईबी के मीडिया एवं संचार अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय मीडियाकर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर सरकार की नीतियों की सटीक जानकारी जनता तक पहुंचाना है।
