


ऋषिकेश, उत्तराखंड
ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बेहद धूमधाम से मनाया गया। मुख्य आयोजन नगर निगम ऋषिकेश द्वारा त्रिवेणी घाट के पावन तट पर हुआ, वहीं स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) जॉलीग्रांट और प्रगति विहार वियाना हेल्थ क्लब में भी योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

नगर निगम ऋषिकेश द्वारा सुबह 7:00 बजे आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों स्थानीय नागरिकों और योग साधकों ने भाग लिया। “करें योग, रहें निरोग” के संकल्प के साथ गंगा तट पर प्राणायाम व योग क्रियाएं की गईं। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, महापौर शंभू पासवान, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, पूर्व मेयर अनीता ममगाईं,भाजपा जिलध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, महासचिव प्रतीक कालिया, गंगा सभा अध्यक्ष राहुल शर्मा, संदीप गुप्ता, कपिल गुप्ता और चंद्रशेखर शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने योग को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

एसआरएचयू में ‘स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग’:
स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) जॉलीग्रांट में इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना ने संदेश में कहा कि योग आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सकारात्मक जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है।

एसआरएचयू के डायरेक्टर जनरल डॉ. विजेंद्र चौहान और स्कूल ऑफ योग साइंसेज के प्रिंसिपल डॉ. सुबोध सौरभ सिंह ने योग को संपूर्ण स्वास्थ्य का विज्ञान बताया। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गरिमा जायसवाल के संबोधन के बाद अनुराधा शर्मा, विजेंद्र द्विवेदी और राहुल बलूनी के मार्गदर्शन में कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया गया। डॉ. सोमलता झा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में 300 से अधिक विद्यार्थियों और कुलसचिव कमांडर चल्ला वेंकटेश्वर (सेवानिवृत्त) सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया।

प्रगति विहार में योग दिवस:
प्रगति विहार वियाना हेल्थ क्लब परिवार द्वारा भी योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। राकेश सिंह मियां (एडवोकेट) ने कहा कि स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए लोगों को योग के प्रति जागरूक करना जरूरी है। इस दौरान योगाचार्य वर्षा उनियाल, नीरज त्यागी, आयुषी, शिवदेई भंडारी, प्रवीण थपलियाल, जतिन रावत और विकास नेगी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
