


ऋषिकेश। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद से अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संत निरंकारी मिशन की ब्रांच ऋषिकेश में योग एवं आध्यात्मिक जागरूकता पर केंद्रित कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। जिसमें योग शिक्षक मनीष गैरोला एवं ज्योति प्रजापति ने परिभागियों को योगाभ्यास करवाया।

ब्रांच संचालक दुष्यंत कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि योग दिवस के अवसर पर आयोजित योग सत्र का उद्देश्य स्वस्थ मन सहज जीवन के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना तथा दैनिक जीवन में योग को अपनाना है।

योग शिविर की शुरुआत पवनमुक्तासन श्रृंखला के विभिन्न सूक्ष्म व्यायामों से की गई। इसमें पैर की अंगुलियों का संचालन, टखनों का संचालन एवं चक्रण, घुटनों का संचालन आदि अभ्यास सम्मिलित थे। इसके पश्चात चक्की चालनासन, मेरु वक्रासन किया गया। वज्रासन एवं मण्डूकासन, सूर्य नमस्कार किया गया।

खड़े होकर किए जाने वाले आसनों में ताड़ासन, त्रियक ताड़ासन, वृक्षासन तथा कटिचक्रासन का अभ्यास कराया गया। सत्र का समापन अनुलोम-विलोम प्राणायाम एवं भ्रामरी प्राणायाम के साथ किया गया।
कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्तों, सेवादल स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता की। दोनों अनुभवी योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

सतगुरु माता जी अक्सर अपने विचारों में ‘स्वस्थ मन सहज जीवन’ का उल्लेख करते हुए बताते है कि हमारा शरीर निरंकार प्रभु की देन है जिसे स्वस्थ रखना हमारा मूल कर्त्तव्य है इसलिए दीर्घआयु और सक्रिय सफल जीवन के लिए योग नितांत आवश्यक है।
इस वर्ष अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थी, जिसने यह संदेश दिया कि वास्तविक स्वास्थ्य शारीरिक, मानसिक और आत्मिक संतुलन का समन्वित स्वरूप है। इसी भावना के अनुरूप संत निरंकारी मिशन ने योग को आत्मजागृति, अनुशासन और सकारात्मक जीवन दृष्टि का सशक्त माध्यम बताते हुए जन-जागरूकता को प्रोत्साहित किया।
————–

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एक दिवसीय योग शिविर का आयोजन
रायवाला। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लोक कल्याण समिति (रजि.), प्रतीतनगर, रायवाला के तत्वावधान में गणेश फार्म, प्रतीतनगर में एक दिवसीय योग शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, मातृशक्ति एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
योग प्रशिक्षक सुश्री प्रियंका ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन का आधार बताते हुए सभी से इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
शिविर में ग्राम प्रधान श्री राजेश जुगलान, लोक कल्याण समिति के सचिव नरेश थपलियाल, उपाध्यक्ष बालेन्द्र नेगी, महिला कल्याण सचिव अंजू बडोला सहित देवकी सुवेदी, रेखा भण्डारी, बीना बंगवाल, कमलेश भण्डारी, ऋषिराम शर्मा, दुर्गा देवी एवं अन्य सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
