




ऋषिकेश। एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान थाना मुनिकीरेती पुलिस, सीआईयू और ANTF की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए करीब एक किलो चरस के साथ उत्तर प्रदेश के दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिन्हें मुकदमा दर्ज करने के बाद कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई के साथ आरोपियों के अपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटानी शुरू कर दी है। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस कप्तान श्वेता चौबे ने बताया कि आज पुलिस टीमें मुनिकीरेती क्षेत्र में संदिग्धों की चेकिंग कर रही थीं। तभी जानकी सेतु पार्किंग के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को तलाशी के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 980 ग्राम चरस बरामद हुई। पकड़े गए तस्करों की पहचान अनिल पाल और रजत कुमार के रूप में हुई है। जो कि थाना भवन जिला शामली उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। पुलिसिया पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे यह चरस भटवाड़ी उत्तरकाशी से लाए है। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में सक्रिय कई अन्य ड्रग्स पैडलरों के नामों का भी खुलासा किया है। जिन पर पुलिस जल्द ही शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है। इन तस्करों को पकड़ने वाली टीम में शामिल जानकी सेतु चौकी प्रभारी अरविंद रतूड़ी, ANTF के इंस्पेक्टर धर्मेंद्र रौतेला और सीआईयू प्रभारी ओम कांत भूषण की टीम को पुलिस कप्तान ने शाबाशी देते हुए हौसला अफजाई की है। पुलिस कप्तान का कहना है कि जिले में किसी भी प्रकार के नशे को पनपने नहीं दिया जाएगा।
