




ऋषिकेश, उत्तराखंड:
बापूग्राम को राजस्व ग्राम घोषित करने एवं पेपर लीक प्रकरण के विरोध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने जा रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
ऋषिकेश, बापूग्राम को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग तथा प्रदेश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक प्रकरणों के विरोध में परवादून युवा कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन एवं मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
आज परवादून युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता कोयल घाटी से आईडीपीएल की ओर विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने के लिए रवाना हुए। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने कार्यकर्ताओं को रास्ते में ही रोक लिया तथा पार्षद एवं पूर्व प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस एडवोकेट अभिनव सिंह मलिक, परवादून युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गौरव भारती सहित अनेक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पार्षद एवं पूर्व प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस अभिनव सिंह मलिक ने कहा कि,बापूग्राम के लोगों को वर्षों से राजस्व ग्राम का दर्जा मिलने का इंतजार है, लेकिन भाजपा सरकार लगातार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। वहीं लगातार हो रहे पेपर लीक ने प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। हम मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर इन दोनों गंभीर मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना चाहते थे, लेकिन सरकार ने जनता की आवाज सुनने के बजाय हमें गिरफ्तार कर लिया। यह लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला दमन है। युवा कांग्रेस जनता के अधिकारों और युवाओं के भविष्य की लड़ाई हर स्तर पर लड़ती रहेगी।
परवादून युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गौरव भारती ने कहा कि,भाजपा सरकार जनता के सवालों से भाग रही है। समस्याओं का समाधान करने के बजाय विरोध की आवाज को पुलिस के बल पर दबाने का प्रयास किया जा रहा है। बापूग्राम को राजस्व ग्राम घोषित करना क्षेत्रवासियों का अधिकार है और पेपर लीक मामलों में दोषियों पर कठोर कार्रवाई करना सरकार की जिम्मेदारी है। युवा कांग्रेस इन दोनों मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष लगातार जारी रखेगी। यदि सरकार शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।” इस मौके पर युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव दीपक वर्मा, महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप, महानगर उपाध्यक्ष मयंक पाल, हिमांशु जाटव, सौरभ वर्मा, विशाल स्नेह, मानव रावत आदि मौजूद थे।
