




तीर्थनगरी ऋषिकेश में अवस्थापना विकास निधि के तहत बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने माया कुंड क्षेत्र में करीब 90 लाख रुपये की लागत से नव-निर्मित आंतरिक सड़कों का विधिवत लोकार्पण किया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का फूल-मालाएं पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। शहर की आंतरिक सड़कों और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में की गई घोषणा के अनुरूप अवस्थापना विकास निधि से पूरे ऋषिकेश में लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिनका सीधा लाभ आमजन को मिल रहा है।
विधायक ने कहा कि सड़क, नाली, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर तैयार कराया जा रहा है। माया कुंड क्षेत्र में इन सड़कों के बन जाने से स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुगमता होगी तथा लंबे समय से चली आ रही दिक्कतों से राहत मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान नगर निगम ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल नेगी, पार्षद माधवी गुप्ता, पार्षद अजय दास, एम.एस. ढौंडियाल, उषा मंडल, अमित कुमार, गोपाल शर्मा, पी.के. श्रीवास्तव, जितेंद्र पाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
