



– संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति ने निकाली वाहनों की लॉटरी
ऋषिकेश: इस वर्ष चार धाम यात्रा के लिए 9 परिवहन कंपनियों की साझी संस्था संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए 2500 बसों का बेड़ा तैयार किया गया है। गुरुवार को रोटेशन कार्यालय में यात्रा मार्ग पर चलने वाले वाहनों की लॉटरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। यातायात परिवहन कंपनी की बस सबसे पहले यात्रा पर जाएगी।
चार धाम यात्रा में विभिन्न परिवहन कंपनियों के द्वारा वाहनों की व्यवस्था की जाती है। संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति की ओर से इन वाहनों का संचालन किया जाता है। यात्रा मार्ग पर जाने के लिए वाहनों की लॉटरी निकाली जाती है। गुरुवार को संयुक्त रोटेशन कार्यालय में विधिवत पूजा अर्चना के पश्चात लॉटरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के अध्यक्ष भूपाल सिंह नेगी ने इस प्रक्रिया का शुभारंभ किया। यात्रा मार्ग पर जाने के लिए सबसे पहले लॉटरी यातायात परिवहन कंपनी की निकली और दूसरी लॉटरी जीएमओ कंपनी के वाहन की निकली।
संयुक्त रोटेशन के अध्यक्ष ने बताया कि यात्रा मार्ग पर कुल 2500 बसें संचालित होंगी। जिनमें 1725 वाहनों की लॉटरी डाली गई, शेष वाहन लोकल सेवा के उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया की यात्रा के दौरान गढ़वाल मंडल के विभिन्न लोकल रूटों पर चलने वाली वाहन सेवा प्रभावित नहीं होगी। इस मौके पर टीजीएमओ के अध्यक्ष जितेंद्र नेगी, यातायात कंपनी के पूर्व अध्यक्ष मनोज ध्यानी, जीएमसीसी के अध्यक्ष संजय शास्त्री, जीएमओ संचालक गजै सिंह रौथाण, रूपकुंड कंपनी के संचालक देवेंद्र रावत, दिग्विजय सिंह पंवार, सीमांत सहकारी संघ से दिग्विजय सिंह पंवार, योगेश उनियाल, संयुक्त रोटेशन के प्रभारी नवीन तिवारी, दिनेश बहुगुणा अजय बधानी आदि मौजूद रहे।


