



– चार धाम सहित श्री हेमकुंड के लिए हुए अब तक 22,52,352 पंजीकरण
– यात्रा ट्रांजिट कैंप में प्रशासन ने शुरू की निशुल्क भोजन व्यवस्था
ब्यूरो,ऋषिकेश
अक्षय तृतीया पर बुधवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुल रहे हैं। इसी के साथ यात्रा प्रशासन संगठन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा ट्रांजिट कैंप परिसर में निशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर यहां उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के काउंटर लगा दिए गए हैं। चार धाम यात्रा पर जाने के लिए मंगलवार की शाम तक 1500 श्रद्धालुओं ने ऑफलाइन पंजीकरण कराया। अब तक ऑनलाइन और ऑफलाइन प्लेटफार्म पर चार धाम सहित श्री हेमकुंड के लिए 22,52,352 पंजीकरण हो चुके हैं।
चार धाम यात्रा 2025 मे यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश में मां भगवती देवी अन्नपूर्णा योजना अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा निशुल्क दोपहर भोजन की व्यवस्था की गई है। नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि यह व्यवस्था जून 2025 तक रहेगी। जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल की पहल पर डॉ चिन्मय पंड्या गायत्री परिवार शांतिकुंज द्वारा चार धाम यात्रा के सभी श्रद्धालुओं के लिए दोपहर भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिसमें डॉ अजय त्रिपाठी तथा मंगल सिंह को नोडल नामित किया गया है। गायत्री परिवार द्वारा उपलब्ध कराए गए दोपहर भोजन से चार धाम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिल रही है तथा उन्हें निशुल्क दोपहर का भरपेट भोजन प्राप्त हो रहा है।

पिछले दिनों मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ट्रांजिट कैंप में व्यवस्थाओं का जायजा लेने आए थे। उन्होंने यहां श्रद्धालुओं के लिए उत्तराखंड के स्थानीय उत्पाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। जिसके क्रम में नगर निगम के अंतर्गत संचालित होने वाले महिला सहायता समूह की ओर से अच्छी पहल की गई है। ट्रांसिट कैंप में महिला समूह की ओर से स्थानीय उत्पाद दाल, झंगोरा,अचार, पहाड़ी नून, दालें, बुरांस, माल्टा, नींबू के जूस आदि की रियायती की दर में बिक्री की जा रही है।
उधर पंजीकरण काउंटर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। पंजीकरण केंद्र प्रभारी प्रेम अनंत ने बताया कि मंगलवार शाम 5:00 बजे तक यात्रा पर जाने वाले 1500 श्रद्धालुओं ने ऑफलाइन पंजीकरण कराया।
————–
चार धाम सहित श्री हेमकुंड के लिए हुए अब तक 22,52,352 पंजीकरण
जिला प्रशासन के अनुसार मंगलवार शाम 5:00 बजे तक 9,553 पंजीकरण हुये। जिसके साथ ही कुल ऑफलाईन पंजीकरण की संख्या-21,563 हुई। यात्री पंजीकरण के ऑनलाईन एवं ऑफलाईन प्लेट फार्म के माध्यम से कुल 22,52,352 यात्रियों द्वारा पंजीकरण किया जा चुका है। जिसके अन्त्गत श्री यमुनोत्री धाम हेतु कुल 3,70,958 श्री गंगोत्री धाम हेतु 4,03,32 श्री केदारनाथ धाम हेतु 7,5955 बदरीनाथ धाम हेतु 6,78,724 एवं हेमकुण्ड साहिब यात्रा हेतु 41,103 यात्रियों द्वारा पंजीकरण किया गया।


