



ऋषिकेश: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बिपिन कैंथोला ने ऋषिकेश भाजपा जिला कार्यालय में आहूत पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस की संविधान रैली पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुवे कहा कि, आज पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत, तीव्र गति से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में एकजुटता से बढ़ रहा है। वहीं अपने नकारात्मक रुख के चलते, कांग्रेस पार्टी और उनकी सहयोगी पार्टियों को अपना राजनैतिक भविष्य शून्य की तरफ खिसकता नजर आ रहा है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की प्रस्तावित संविधान बचाओ यात्रा भी, देश समाज को बरगलाकर, अराजक माहौल पैदा कर, जनता के आत्मविश्वास को कमजोर करने की इसी साजिश का हिस्सा है। अभिव्यक्ति की आजादी, प्रत्येक पार्टी को भी अपनी बात रखने का अवसर देती है, लेकिन बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है कि ये सब उस समय किया जा रहा है जब देश पहलगामा हमले से दुख और आक्रोश में है। वो पीएम मोदी के नेतृत्व में दुश्मनों को करारा जवाब देने की तैयारी में जुटा हुआ है। लेकिन कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति नॉन स्टॉप जारी है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बिपिन कैन्थोला ने कहा कि देश ने देखा, किस तरह हाईकोर्ट के निर्णय से खुद का सिंहासन हिलते देख तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश के लोकतंत्र को बंधक बनाकर आपातकाल थोप दिया था। संसद, न्यायपालिका, कार्यपालिका और पत्रकारिकता सभी का गला घोंटने का प्रयास किया।
कैन्थोला ने कहा कि धारा 356 को कांग्रेस खिलौने की तरह इस्तेमाल करती रही है। उसके राजनीतिक फायदे के लिए बार -बार इसका इस्तेमाल किया। देश में अब तक 124 बार इस धारा का उपयोग हुआ जिसमें अकेले कांग्रेस पार्टी और उनके सहयोग से चली सरकारों ने 102 बार चुनी हुई सरकारों के दमन में इसका दुरुपयोग किया।
संविधान से छेड़छाड़ कर उसे कमजोर करने का तो उसका लंबा और दागदार इतिहास रहा है।
कैन्थोला ने कहा कि 1949 में कांग्रेस सरकार ने धारा 370 लागू कर जम्मू कश्मीर को देश की मुख्य धारा से अलग करने का पाप किया।इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल,मण्डल अध्यक्ष मनोज ध्यानी,बृजेश शर्मा,दीपक धमीजा, प्रतीक कालिया,दिनेश सती, देवदत्त शर्मा, पवन शर्मा, नितिन सक्सेना, शिवम् टुटेजा, शिवकुमार गौतम,गौरव कैन्थोला, जगावर सिंह मौजूद रहे।


