



– लक्ष्मण झूला के प्रतिबंधित घाटों पर नहाने से बाज नहीं आ रहे लोग
ब्यूरो, ऋषिकेश; जनपद पौड़ी गढ़वाल के थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की ओर से प्रतिबंध घाटों पर पर्यटकों का प्रवेश नहीं रूक पा रहा है। आए दिन यहां डूबने की घटनाएं हो रही है। शुक्रवार को प्रतिबंधित मस्तराम घाट पर नहाते वक्त एक युवक बहने लगा, उसका साथी उसे बचाने के लिए नदी में कूद गया और वह भी तेज बहाव के साथ बह गया। अब पुलिस और एसडीआरएफ की टीम में दोनों युवकों को तलाश रही है।
थाना अध्यक्ष लक्ष्मण झूला संतोष पैथवाल के अनुसार शुक्रवार को मस्तराम घाट के निकट भागीरथ धाम के पास दो युवक गंगा में नहा रहे थे। एक युवक का पत्थर से अचानक पांव फिसल गया और वह बहने लगा। उसका साथी उसे बचाने के लिए नदी में कूद गया। वर्तमान में गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ है, बचाने गया युवक भी धारा के साथ बहने लगा। इसके बाद दोनों का गंगा में पता नहीं चल पाया। एक युवक के कपड़े और मोबाइल वहां से मिले। दूसरे युवक की माता कमलेश निवासी सदर बाजार गुरुग्राम हरियाणा से पुलिस की जब बातचीत हुई तो उन्होंने बताया कि उनका पुत्र क्रश 19 वर्ष गुरुवार को अपने साथियों के साथ घूमने आया था। शनिवार को भी डूबे युवकों की तलाश के लिए गंगा में अभियान चलाया गया।


