




✍🏻 भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने आरोपी प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली को किया पदमुक्त
देहरादून (उत्तराखंड): उत्तराखंड के जनपद पौड़ी गढ़वाल के अंतर्गत तिलसारी गांव में एक युवक जितेंद्र कुमार ने खुद को गाड़ी के भीतर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सोशल मीडिया पर उसने वीडियो अपलोड कर उत्तराखंड भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। पौड़ी जिला पुलिस ने तत्काल मामले पर संज्ञान लेते हुए। आरोपी भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के अनुसार सुसंगत धारा में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो में पीड़ित युवक ने भाजपा नेता पर कई संगीन आरोप लगाए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल लोकेश्वर सिंह द्वारा जारी बयान में बताया गया गुरुवार को प्रातः लगभग 09:00 बजे कोतवाली पौड़ी पर सूचना प्राप्त हुई कि जनपद पौड़ी के ब्लॉक तलसारी गांव निवासी एक युवक जितेन्द्र कुमार (उम्र-32 वर्ष) हाल निवासी भानियावाला थाना डोईवाला, देहरादून ने सुबह लगभग 04.00 बजे स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली पौड़ी पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। साथ ही फॉरेंसिक यूनिट की टीम भी मौके पर बुलाकर आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही के साथ साथ साथ पुलिस टीम द्वारा अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई। इस प्रकरण के सम्बन्ध में कोतवाली पौड़ी में मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी आवश्यक तथ्य एवं साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपित युवक को भी पूछताछ हेतु पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के अनुसार स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या करने वाले जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया है। जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार हिमांशु चमोली नामक व्यक्ति को बताया है। जिस पर उसने संगीन आरोप लगाए हैं। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।
उधर इस मामले में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली का नाम वायरल वीडियो में सामने आने के बाद संगठन ने इस पर संज्ञान लिया है। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत ने जारी बयान में बताया कि प्रदेश संगठन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। हिमांशु चमोली को युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री के पद से पद मुक्त किया गया है।
—————–
मुख्यमंत्री व भाजपा केंद्रीय नेतृत्व का संरक्षण प्राप्त युवा पर कड़ी कार्यवाही की जाए – मोहित उनियाल
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा की जॉलीग्रांट निवासी युवा जितेंद्र नेगी द्वारा आत्महत्या का दुःखद मामला सामने आया है । भाजपा युवा मोर्चा द्वारा उक्त व्यक्ति को पदमुक्त किये जाने का नाटक किया जा रहा है। प्रदेश में अंकिता भंडारी में अभी तक उत्तराखंड की बेटी को न्याय नही मिल पाया है। भाजपा नेताओं द्वारा प्रदेश में कई जगह महिलाओं व युवाओं के शोषण का मामला आया है।
आरोपी व्यक्ति भाजपा नेता हिमांशु चमोली द्वारा क्षेत्रीय युवा के साथ आर्थिक शोषण किया गया जिससे हताश होकर इस युवा को आत्महत्या का कठोर कदम उठाना पड़ा।
जानकारी मिली है कि भाजपा नेता को गिरफ्तार किया गया है। उनियाल ने कहा की सिर्फ गिरफ्तारी से कुछ नही होने वाला है। इस युवा को भाजपा केंद्रीय नेतृत्व का संरक्षण प्राप्त है। कांग्रेस की मांग है की मामले की उचित जांच की जाए व आरोपी पर कड़ी कार्यवाही की जाये ताकि आगे कोई भी व्यक्ति जनता का शोषण न करे।अन्यथा संगठन द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।

