


– गैर इरादतन हत्या के आरोप में पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार
ऋषिकेश, उत्तराखंड:
जनपद देहरादून के डोईवाला थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने चार वर्षीय सौतेले पुत्र को धक्का देकर फर्श पर गिरा दिया। गंभीर चोट लगने के कारण बालक की मौत हो गई। बालक के पिता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में महिला को गिरफ्तार कर लिया।
डोईवाला के बुल्ला वाला निवासी राहुल कुमार पुत्र स्व. इंद्राज सिंह ने बीते रविवार को कोतवाली डोईवाला में शिकायत पत्र दिया। जिसमें उसने अवगत कराया की उसकी पहली शादी से एक पुत्र विमान चार वर्ष था, जो उन्ही के साथ रहता था। पहली पत्नी की मृत्यु के बाद उसने प्रिया पुत्री सुशील कुमार निवासी अंबेडकर कॉलोनी, बडोवाला शिमला बायपास रोड, देहरादून से दूसरी शादी कर ली। 27 अक्टूबर को जब वह अपनी ड्यूटी पर चला गया तो उसकी दूसरी पत्नी प्रिया उसके घर पर आई और उसके पुत्र विवान को फर्श पर धक्का दे दिया। इसके बाद विवान बेहोश हो गया और गिरने से उसकी गंभीर चोट आई। विवान को जब अस्पताल ले जाया गया तो उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि विवान के पिता ने जानकारी दी की उनकी दूसरी पत्नी प्रिया उनके पुत्र के साथ क्रूरता पूर्वक व्यवहार करती थी। छोटी-छोटी बात पर उसे मारती पीटती थी। उन्हें इस बात का पूरा शक था कि प्रिया द्वारा मारपीट के कारण ही विवान की मृत्यु हुई है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच शुरू की गई। शिकायत पत्र में दिए गए तथ्यों के बारे में पड़ोसियों से जानकारी ली गई तो घटना सत्य पाई गई। प्रिया को हिरासत में लेकर जब उससे पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि उसने ही गुस्से में आकर विवान को फर्श पर धक्का दिया था। गंभीर चोट से उसकी मृत्यु हो गई है। इसके बाद हत्यारोपी प्रिया को गिरफ्तार कर लिया गया है।
