




– सेवा,सुशासन और विकास सरकार का लक्ष्य: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
ऋषिकेश,उत्तराखंड:
इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित दो मंजिला भवन के उद्घाटन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यमकेश्वर पहुंचे। कार्यक्रम से पूर्व दोनों मुख्यमंत्रियों ने यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

इंटर कॉलेज यमकेश्वर के परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भौतिक विकास जीवन का अंतिम उद्देश्य नहीं है, बल्कि यह केवल तात्कालिक आवश्यकताओं की पूर्ति का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक संजोने का भी कार्य करें। उन्होंने पौराणिक गुरुकुल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरुकुल पद्धति व्यक्ति को सशक्त, संस्कारवान एवं पारंगत बनाने का प्रभावी माध्यम थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें अध्ययन के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान पर भी विशेष बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार भवन की गुणवत्ता सुनिश्चित की गई है, उसी प्रकार शिक्षण की गुणवत्ता भी उच्च होनी चाहिए। शिक्षा को संस्कारों से जोड़ते हुए उन्होंने सकारात्मक सोच के साथ देश व प्रदेश के हित में कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुरक्षा, सुशासन और विकास के देश में प्रेरणास्रोत हैं। यह क्षेत्रवासियों के लिए गर्व का विषय है कि उन्होंने इसी क्षेत्र में अपना बचपन बिताया, प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की और आज देश के सशक्त नेतृत्वकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ का जीवन सेवा, त्याग और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की प्रेरक मिसाल है। उनके कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को मजबूती मिली है और प्रदेश की छवि को नई पहचान बनाई है।
इस अवसर पर दोनों मुख्यमंत्रियों द्वारा विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा 6 के नमन रावत, कक्षा 7 के हर्ष चौहान, कक्षा 8 की आरती चौहान, कक्षा 9 के सचिन बडोला, कक्षा 10 की कु. दीपाली, कक्षा 11 के अभिषेक बडोला तथा कक्षा 12 की कुं. पल्लवी शामिल रहे।
कार्यक्रम में सांसद हरिद्वार त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह, प्रधानाचार्य मनमोहन सिंह रौतेला उपस्थित रहे।
