


– जीवन की नई यात्रा का प्रारंभ है दीक्षांत समारोह: जेपी नड्डा
ऋषिकेश, उत्तराखंड:
स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू), जॉलीग्रांट में शनिवार को विश्वविद्यालय का आठवां दीक्षांत समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा रहे।
मुख्य अतिथि जेपी नड्डा ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक उपलब्धि नहीं, बल्कि जीवन की नई यात्रा का प्रारंभ है। यहां से विद्यार्थी अपने ज्ञान, कौशल और संस्कारों के बल पर समाज, राज्य और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनते हैं। अमृतकाल के अगले 25 वर्ष विकसित भारत के निर्माण के निर्णायक वर्ष होंगे, जिनमें आज के युवा साक्षी ही नहीं, कर्ताधर्ता भी बनेंगे। उन्होंने छात्रों से गरीब, वंचित और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया। डॉ. विजय धस्माना के नेतृत्व में संस्थान मानव सेवा, चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। एसआरएचयू ने शिक्षा और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने विद्यार्थियों से राज्य और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना ने कहा कि शिक्षा आत्मज्ञान, सशक्तिकरण और परिवर्तन का माध्यम है। उन्होंने स्नातकों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें परिश्रम से प्राप्त करने की प्रेरणा दी।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सांसद महेंद्र भट्ट, डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला, कुलपति डॉ.राजेंद्र डोभाल, महानिदेशक (शैक्षणिक विकास) डॉ.विजेद्र चौहान, प्रति कुलपति अशोक देवराड़ी, डॉ.रेनू धस्माना सहित विश्वविद्यालय के बीओजी व एकेडमिक काउंसिल के सदस्य मौजूद रहे।
—————

डॉ.स्वामी राम बेस्ट ग्रेजुएट अवॉर्ड
आयुषी बेलवाल (बीएससी नर्सिंग-2021)
ईशान गुप्ता (एमबीबीएस-2019)
14 शोधार्थियों को पीएचडी
डॉ. गरिमा कपूर, डॉ. स्वाति तोमर, डॉ. अविनाश कुमार त्यागी, डॉ. मीनू परगाईं, डॉ. रुचिका दुग्गल, डॉ. इमोन चानू, डॉ. सुनैना शर्मा, डॉ. मोनिका खंकरवाल, डॉ. अंतरिक्ष बड़ाकोटी, डॉ. संदीप बडोनी, डॉ. हिमानी, डॉ. संगीता रावत, डॉ. रजत काला एवं डॉ. नवीन कुमार यादव को पीएचडी उपाधि से सम्मानित किया गया।
