


– शिवपुरी रेंज में संयुक्त वनाग्नि मॉक ड्रिल
ऋषिकेश, उत्तराखंड:
वनों को अग्नि जैसी आपदाओं से सुरक्षित रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज नरेंद्र नगर वन प्रभाग के शिवपुरी बीट में एक भव्य संयुक्त वन अग्नि नियंत्रण मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

मॉक ड्रिल में वन विभाग, अग्निशमन विभाग, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, आपदा प्रबंधन इकाई, स्वास्थ्य विभाग, वन पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए उत्कृष्ट समन्वय का परिचय दिया।यह मॉक ड्रिल प्रभागीय वनाधिकारी दिगांथ नायक के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई।
अभ्यास के दौरान देहरादून वन मुख्यालय से रेन्डम् रूप से शिवपुरी के पास वन क्षेत्र में काल्पनिक रूप से आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही वन विभाग की टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर फायर बीटर, रेक एवं फायर लाइन निर्माण के माध्यम से आग पर प्रभावी नियंत्रण का प्रदर्शन किया गया।

अग्निशमन विभाग द्वारा आधुनिक उपकरणों से आग बुझाने की कार्यवाही तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक उपचार एवं रेस्क्यू का सफल प्रदर्शन किया गया। यह समस्त अभ्यास अनिल पैन्यूली, उप प्रभागीय वनाधिकारी, देवप्रयाग उप वन प्रभाग एवं किशोर नौटियाल, उप प्रभागीय वनाधिकारी, नरेन्द्रनगर उप वन प्रभाग के निकट पर्यवेक्षण में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी ने बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल से न केवल विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यकुशलता में वृद्धि होती है, बल्कि विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय एवं आपसी तालमेल भी सुदृढ़ होता है, जिससे वास्तविक वन अग्नि की घटनाओं में त्वरित एवं प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सकता है।
उन्होंने स्थानीय जनता से अपील की कि वनों की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, किसी भी प्रकार की वन अग्नि की सूचना तत्काल वन विभाग को उपलब्ध कराएं।
