


ब्यूरो, देहरादून:
शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में समर्पित आवादा फाउंडेशन ने आज उत्तराखंड के शैक्षिक परिदृश्य में एक नया अध्याय जोड़ते हुए सरस्वती विद्या मंदिर, मांडूवाला को 42-सीटर स्कूल बस भेंट की। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहसपुर, देहरादून के विधायक सहदेव सिंह पुंडीर मौजूद रहे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक शैलेंद्र जी ने आवादा फाउंडेशन के इस सेवा भाव की मुक्त कंठ से सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सहदेव सिंह ने आवादा फाउंडेशन के इस सेवा कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण ही सशक्त राष्ट्र की नींव रखता है। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले छात्रों के लिए यह बस एक बड़ा सहारा बनेगी।
मध्य प्रदेश में छह बसें प्रदान करने के बाद उत्तराखंड में दी गई यह सातवीं स्कूल बस दूर-दराज के गाँवों से आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित सफर सुनिश्चित करेगी और शिक्षा के प्रति उनके उत्साह को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
आवादा फाउंडेशन की निदेशक रितु पटवारी ने बताया कि फाउंडेशन केवल परिवहन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि प्लैनेट स्कूल के साथ मिलकर उत्तराखंड के 100 से अधिक विद्यालयों में आधुनिक वर्चुअल क्लास का सफल संचालन कर रहा है। इसके साथ ही, फाउंडेशन द्वारा सीमांत गाँवों के 565 विद्यालयों का कायाकल्प किया जा रहा है ताकि दुर्गम क्षेत्रों के बच्चों तक भी विश्वस्तरीय सुविधाएं पहुंच सकें। युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए फाउंडेशन ने न केवल खेल सामग्री और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया है, बल्कि ऋषिकेश जैसे क्षेत्रों में प्रेरणादायक सत्र और साइबर सुरक्षा कार्यशालाओं के माध्यम से उन्हें जागरूक भी किया है।
