


– आपूर्ति निरीक्षक ऋषिकेश ने मय वाहन 37 सिलेंडर बरामद कर एक व्यक्ति को पुलिस के हवाले किया
ऋषिकेश,उत्तराखंड:
तीर्थ नगरी में रसोई गैस की कीमत के बीच आपूर्ति विभाग ने श्यामपुर ग्रामीण क्षेत्र में गैस की कालाबाजारी का मामला पकड़ा आपूर्ति निरीक्षक ऋषिकेश ने मौके पर एक भरे हुए सिलेंडर से खाली सिलेंडर को रिफलिंग करते हुए एक एजेंसी स्टाफ को पकड़ा। इस गाड़ी से बरामद सभी 37 सिलेंडर ऋषिकेश की अन्य एजेंसी के सुपुर्द कर दिए गए। मौके से एक व्यक्ति और उसके वाहन को पुलिस के हवाले किया गया।
ऋषिकेश के पूर्ति निरीक्षक सुनील कुमार देवली की ओर से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश दिए गए शिकायत पत्र में अवगत कराया की जिलाधिकारी देहरादून की ओर से जारी निर्देश के अनुपालन में इस बात की जांच की जा रही है कि विभिन्न गैस एजेंसी द्वारा कहीं गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या रिफिलिंग तो नहीं की जा रही है।
पूर्ति निरीक्षक में बताया कि शुक्रवार को उनके साथ टीम ने खदरी रोड श्यामपुर रेलवे फाटक के पास छापेमारी की। मौके पर एक बिना नंबर सफेद छोटा हाथी वाहन खड़ा था। जिस पर एचपी गैस आशुतोष गैस लिखा था। संदेह होने पर श्यामपुर पुलिस चौकी से पुलिस की टीम को साथ में लिया गया। छापेमारी के दौरान देखा गया कि गाड़ी के पिछले हिस्से में दो सिलेंडर को लेटा कर उनके बीच में बांसुरी लगाकर गैस की अवैध रिफिलिंग की जा रही थी।
गाड़ी में दो व्यक्ति थे, पास में खड़े व्यक्ति से पूछा गया तो उसने अपना नाम अमन चौहान निवासी पिलखाना फर्रुखाबाद उत्तर प्रदेश बताया। दूसरा व्यक्ति मौके का फायदा उठाकर लोडर से कूद कर भाग गया। अमन ने इस व्यक्ति का नाम मुकेश कुमार चौहान निवासी कासगंज उत्तर प्रदेश हाल निवासी चोपड़ा फार्म श्यामपुर ऋषिकेश बताया। इस गाड़ी के भीतर 30 सिलेंडर भरे हुए और 7 सिलेंडर खाली मिले। जिन्हें दूसरी एजेंसी को सौंप दिया गया। मौके से गाड़ी और एजेंसी स्टाफ अमन को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया।
