


– दिल्ली और कासगंज उत्तर प्रदेश से जुड़े हैं कलाबाजारियों के तार
ऋषिकेश, उत्तराखंड:
ऋषिकेश के ग्रामीण क्षेत्र में प्रशासन की कार्रवाई में एक अवैध रसोई गैस भंडार का टीम ने भंडाफोड़ किया है। मौके से 135 व्यवसायिक रसोई गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। विभाग की ओर से इस मामले में जिस व्यक्ति का नाम सामने आया है वह नजफगढ़ दिल्ली का रहने वाला है। एक माह पूर्व लक्कड़ घाट क्षेत्र से जब पूर्ति विभाग की टीम ने अवैध रूप से रखे गए 147 गैस सिलेंडर बरामद किए थे तो इसी व्यक्ति का नाम प्रकाश में आया था। हालांकि पुलिस की ओर से अभी उक्त मामले में करवाई गतिमान है। विभाग की ओर से अब तक आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत चार मामले दर्ज कराए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार के रोज पूर्ति निरीक्षक ऋषिकेश सुनील देवली को सूचना मिली कि श्यामपुर के लक्कड़घाट क्षेत्र में एक दुकान के भीतर अवैध रूप से रसोई गैस सिलेंडर रखे गए हैं। प्रशासन को सूचित करने के बाद इस मामले में पूर्ति विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने उक्त दुकान पर छापा मारा। दुकान उस वक्त बंद थी, दुकान का ताला तोड़ा गया तो भीतर व्यावसायिक रसोई गैस सिलेंडर का ढेर लगा था। टीम ने मौके से कालाबाजारी के लिए यहां रखे गए 135 सिलेंडर बरामद किए है। पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली ने बताया कि मौके पर पहुंचे जितेंद्र चौहान पुत्र नरेश पाल निवासी गली नंबर 34 शिवाजी नगर ऋषिकेश ने बताया कि यह सभी सिलेंडर उसके भाई धर्मेंद्र चौहान निवासी नजफगढ़ नई दिल्ली के हैं। विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई करने के बाद यह सभी सिलेंडर एक अन्य गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिए गए। विभाग की ओर से उक्त व्यक्ति के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई गई है।
जानकार सूत्रों के अनुसार एक माह पूर्व पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली और टीम ने लक्कड़घट क्षेत्र से ही 147 रसोई गैस सिलेंडर बरामद किए थे। इस मामले में भी धर्मेंद्र का ही नाम प्रकाश में आया था। हालांकि अभी तक उक्त मामले में उसके खिलाफ कोई भी पुलिस की कार्रवाई प्रकाश में नहीं आई है।
सूत्रों का कहना है कि ऋषिकेश में रसोई गैस की कालाबाजारी के सीधे तार दिल्ली और कासगंज उत्तर प्रदेश से भी जुड़े हैं। दिल्ली में गैस पाइपलाइन सुविधा में वृद्धि होने के बाद संबंधित कलाबाजारियों ने भारी संख्या में गैस सिलेंडर का भंडारण ऋषिकेश में करना शुरू कर दिया है। विभाग की इस कार्रवाई से कलाबाजारियों की कमर टूट गई है। विभाग की टीम में पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली, शिव मोहन भट्ट, नायब तहसीलदार जहीर हसन, अपर उप निरीक्षक सुनील कुमार राज, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार और कांस्टेबल अनिल ध्यानी शामिल रहे
