


– मैदानी क्षेत्र से तीन और पर्वतीय क्षेत्र से दो विधायकों को मिली मंत्रिमंडल में जगह
देहरादून, उत्तराखंड:
उत्तराखंड में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार शुक्रवार का दिन राज्य के पांच विधायकों के लिए काफी शुभ माना जा रहा है। लोक भवन देहरादून में उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार के तहत आज पांच नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में यह शपथ उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटा.) गुरमीत सिंह द्वारा दिलाई गई।

भाजपा संगठन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के द्वारा अगले वर्ष होने जा रहे उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को देखते हुए जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। मंत्रिमंडल के विस्तार में विधायकों की सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण और क्षेत्र में मजबूत पकड़ का विशेष ध्यान रखा गया है। बीते चार वर्षों में कई मर्तबा मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा जोर पकड़ती थी और बाद में यह चर्चा शांत हो जाती थी। अब विधानसभा चुनाव में एक वर्ष रह गया है। मंत्रिमंडल विस्तार के माध्यम से संगठन ने खजान दास, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, भारत सिंह चौधरी और राम सिंह कैड़ा को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाना वर्ष 2027 के चुनाव को देखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खजान दास देहरादून, मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा रुड़की मैदानी क्षेत्र से आते हैं। जबकि भारत सिंह चौधरी रुद्रप्रयाग और राम सिंह कैड़ा भीमताल क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं। शपथ ग्रहण के बाद अब सबकी नजर इनको मिलने वाले पोर्टफोलियो पर है।

शपथ ग्रहण समारोह में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, गणेश जोशी एवं सौरभ बहुगुणा, सांसद महेन्द्र भट्ट और नरेश बंसल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन द्वारा किया गया।
