


– पुलिस विभाग टिहरी में तैनात सफाईकर्मी राजेंद्र सिंह की 40 साल की सेवाओं को पुलिस कप्तान ने बताया उदाहरण
टिहरी गढ़वाल:
गुरुवार को जनपद टिहरी गढ़वाल में नियुक्त स्वच्छक राजेंद्र कुमार के अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने के अवसर पर पुलिस लाइन चम्बा में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर टिहरी पुलिस परिवार द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके दीर्घकालीन, समर्पित एवं सराहनीय सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।
अपने कुल 39 वर्ष 07 माह के सेवाकाल में उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं ईमानदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया, जो पुलिस विभाग के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे द्वारा राजेंद्र कुमार की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा गया कि उनका योगदान पुलिस विभाग के लिए अमूल्य रहा है। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं समृद्ध जीवन की कामना करते हुए भविष्य में किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर विभाग द्वारा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक,पुलिस उपाधीक्षक चम्बा टिहरी गढ़वाल द्वारा राजेंद्र कुमार को पुलिस स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उन्हें शुभकामनाएं देते हुए भावभीनी विदाई दी गई।
विदाई समारोह में पुलिस उपाधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन चंबा अमित कुमार सहित पुलिस लाइन के विभिन्न शाखाओं के प्रभारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
