


ऋषिकेश। विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला क्लब एवं रोटरी दिवाज ऋषिकेश के संयुक्त तत्वावधान में एसपीएस अस्पताल,ऋषिकेश स्थित रक्त केंद्र में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान 10 लोगों ने रक्तदान किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला क्लब की अध्यक्ष माधवी गुप्ता एवं रोटरी दिवाज ऋषिकेश की अध्यक्ष शुभांगी कौशल रैना द्वारा किया गया। शिविर का उद्देश्य थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना एवं समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल एवं नगर निगम ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान जी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताया तथा सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का कार्य करता है और समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।
शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर अपना सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। आयोजकों ने बताया कि थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों एवं मरीजों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है, ऐसे में इस प्रकार के शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।
इस अवसर पर तनु जैन, प्रियंका अग्रवाल, निधि अग्रवाल, पार्षद आशु डंग, पार्षद सिमरन उप्पल एवं अमित उप्पल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सभी अतिथियों ने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी चिकित्सा अधिकारियों एवं मेडिकल स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने सभी डॉक्टरों, चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उनके सहयोग से रक्तदान शिविर सुचारु एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो पाया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि “रक्तदान महादान है” और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में आगे आकर सहभागिता निभानी चाहिए।
