


ऋषिकेश, उत्तराखंड:
थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र में अमरोहा उत्तर प्रदेश निवासी दो युवक फोटो खिंचवाते वक्त अचानक गंगा में बह गए। जिनका पता नहीं चल पाया एसडीआरएफ की टीम मौके पर सर्चिंग कर रही है।
गुरुवार सायंकाल थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्रांतर्गत डबल ट्रिपल बीच के पास चार दोस्त घूमने हेतु आए थे। इसी दौरान उनमें से दो युवक नदी किनारे फोटो खींचते समय अचानक नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगे। साथ आए अन्य साथियों द्वारा उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, किन्तु दोनों युवक नदी में डूबकर बह गए।
लक्ष्मण झूला पुलिस के अनुसार उक्त स्थान पूर्णतः प्रतिबंधित घाट क्षेत्र है। साथियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सभी युवक जनपद अमरोहा, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।
घटना की सूचना प्राप्त होने पर आज प्रातःकाल से एसडीआरएफ टीम द्वारा डीप डाइवरों द्वारा रेस्क्यू उपकरण की सहायता से सर्च अभियान प्रारंभ कर दिया गया है।
डूबने वाले युवकों की पहचान मोहम्मद फैज़ान पुत्र अली अब्बास, उम्र लगभग 25 वर्ष, मोहम्मद कैफ पुत्र नसीम अख्तर, उम्र लगभग 19 वर्ष,निवासी नौगावां सादात, जनपद अमरोहा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। एसडीआरएफ टीम द्वारा लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
एसडीआरएफ सभी पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील करती है कि वे प्रतिबंधित घाटों एवं असुरक्षित स्थानों पर स्नान अथवा फोटो खींचने हेतु न जाएं तथा नदी किनारे पूर्ण सावधानी बरतें। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
