


ऋषिकेश, उत्तराखंड:
देहरादून से अपने मित्रों के साथ ऋषिकेश घूमने आए एक किशोर त्रिवेणी घाट पर गंगा नदी में स्नान करते समय तेज धारा में बहकर लापता हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चार दोस्त अपने घरों से मंदिर जाने की बात कहकर ऋषिकेश पहुंचे थे। तभी उनमे स्नान के दौरान एक किशोर का चश्मा गंगा नदी में गिर गया, जिसे पकड़ने के प्रयास में वह आगे गहरे पानी की ओर चला गया और अचानक गंगा की तेज धारा में बहने लगा। कुछ दूरी तक बहने के बाद किशोर नदी में डूब गया।
घाट पर तैनात रेस्क्यू कर्मियों ने आवाज सुनते ही तत्काल गंगा में छलांग लगाकर युवक को बचाने का प्रयास किया, किन्तु युवक का कोई पता नहीं चल पाया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला की डीप डाइविंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल गहन सर्च अभियान चलाया गया। नदी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण अभी तक युवक का पता नहीं चल सका है।

एसडीआरएफ के निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि घटना की सूचना किशोर के परिजनों को द दी गई , तथा परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। एसडीआरएफ, जल पुलिस,आपदा राहत दल द्वारा लगातार खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
डूबने वाला देहरादून निवासी आयुष थापा 17 वर्ष पुत्र सुनील थापा,निवासी ओल्ड कनॉट प्लेस, चकराता रोड , देहरादून का निवासी है
प्रशासन एवं एसडीआरएफ द्वारा समस्त श्रद्धालुओं एवं जनमानस से अपील की जाती है कि गंगा नदी में केवल निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें। नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी प्रकार का अनावश्यक जोखिम न लें। अभिभावक अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखें और उन्हें नदी के किनारे अकेला न छोड़ें। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर एवं दुखद घटनाओं का कारण बन सकती है।
