


– प्रतियोगी परीक्षा में 15 लाख लेकर डमी कैंडिडेट को बैठाकर दिला रहा था परीक्षा
जयपुर, राजस्थान
एम्स ऋषिकेश के प्रशासनिक विभाग में पूर्व में तैनात एक अधिकारी की काली करतूत से संस्थान एक बार फिर से चर्चा में है। इस अधिकारी को राजस्थान पुलिस की एसओजी ने गिरफ्तार किया है। स्कूल लेक्चरर (हिंदी) प्रतियोगी परीक्षा में बिना परीक्षा दिए पास करवाने के बदले दलाल रूकमेष मीना ने दलपत से 15 लाख रुपए में सौदा किया था। एसओजी ने डमी कैंडिडेट, मूल अभ्यर्थी के साथ ऋषिकेश एम्स के इस पूर्व अधिकारी को गिरफ्तार किया है।
एम्स ऋषिकेश प्रशासन की माने तो आरोपी रूकमेष मीना करीब 4 वर्ष पूर्व ऋषिकेश में तैनात था अब इस व्यक्ति का संस्थान से कोई संबंध नहीं है।
राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं में धांधली को लेकर स्पेशल ऑपेरशन ग्रुप (एसओजी) लगातार कार्रवाई कर रही है। अब स्कूल लेक्चरर (हिंदी) प्रतियोगी परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बिठाकर परीक्षा पास करने के मामले में मूल अभ्यर्थी और दलाल को एसओजी ने गिरफ्तार किया है। एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि लिखित परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बिठाने के मामले में मूल अभ्यर्थी दलपत लाल मीना और दलाल रूकमेष मीना को गिरफ्तार किया है। रूकमेष मीना एम्स ऋषिकेश, उत्तराखंड में सहायक प्रशासनिक अधिकारी है। दलपत ने परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बिठाने के लिए रूकमेष से 15 लाख रुपए में सौदा किया. उसने उसे 15 लाख रुपए जयपुर में अलग-अलग स्थानों पर दिए।
प्रवेश पत्र में गड़बड़ी कर बिठाया डमी: एसओजी की जांच में सामने आया कि दलपत मीना के प्रवेश पत्र में छेड़छाड़ करके ऑनलाइन आवेदन पत्र में अपलोड की गई फोटो की जगह अन्य व्यक्ति की फोटो प्रिंट की गई। दलपत की जन्मतिथि 15 जुलाई, 1986 है। जिसे प्रवेश पत्र में बदलकर 15 जुलाई, 1997 की गई। प्रवेश पत्र में छेड़छाड़ कर दलपत मीना की जगह किसी अन्य को डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा दिलवाई गई।
जयपुर व अन्य जगहों पर लिए रुपए:
इस भर्ती में बिना परीक्षा दिए पास करवाने के बदले दलाल रूकमेष मीना ने दलपत से 15 लाख रुपए में सौदा किया। सौदे के मुताबिक दलपत ने रूकमेष को 15 लाख रुपए जयपुर व अन्य स्थानों पर दिए। उन्होंने बताया कि इस मामले में कोड्याई (सवाई माधोपुर) निवासी दलपत लाल मीना और भंवरपुरा (करौली) निवासी रूकमेष मीना को गिरफ्तार किया गया है।
2024 में एसओजी में दर्ज हुआ मुकदमा: उन्होंने बताया, राजस्थान लोकसेवा आयोग (आरपीएससी) अजमेर द्वारा आयोजित स्कूल लेक्चरर हिंदी प्रतियोगी परीक्षा में मूल अभ्यर्थी दलपत द्वारा डमी अभ्यर्थी बिठाकर परीक्षा पास करने के मामले में एसओजी में 2024 में मुकदमा दर्ज हुआ था. स्कूल लेक्चरर हिंदी प्रतियोगी परीक्षा 15 अक्टूबर, 2022 को दो पारियों में हुई थी. अब एसओजी दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। इनसे इस गड़बड़ी में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
